भोपाल में बैंक लॉकर से पूर्व रेरा चेयरमैन और बेटियों के सोने के गहने गायब, बैंक में मचा हड़कंप
लॉकर नंबर 502 का ताला मिला सुरक्षित, डुप्लीकेट चाबी से खोलने की आशंका; पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

भोपाल, मध्य प्रदेश। राजधानी भोपाल में भारतीय वन प्रबंध संस्थान परिसर स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की शाखा से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां बैंक लॉकर में रखे पूर्व रेरा चेयरमैन एपी श्रीवास्तव और उनकी बेटियों के सोने के बहुमूल्य आभूषण रहस्यमय तरीके से गायब हो गए। मामला लिंक रोड नंबर-3 स्थित बैंक शाखा के लॉकर नंबर 502 से जुड़ा है। बृहस्पतिवार को दुबई से भोपाल पहुंची उनकी बेटी सुरभि अपने पिता के साथ लॉकर खोलने पहुंचीं, तो अंदर रखे गहने गायब मिले। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि लॉकर का ताला टूटा हुआ नहीं था। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम बैंक पहुंची और लॉकर का बारीकी से निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में ताला सुरक्षित मिला, जबकि उसके हैंडल पर किसी व्यक्ति के उंगलियों के निशान भी नहीं मिले। परिवार के अनुसार, लॉकर खोलते समय चाबी लगाने में काफी परेशानी हुई और काफी प्रयास के बाद ही ताला खुल सका। ऐसे में पुलिस इस आशंका की जांच कर रही है कि कहीं डुप्लीकेट चाबी या लॉक से छेड़छाड़ के जरिए लॉकर तो नहीं खोला गया। बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जाएगी, ताकि लॉकर कक्ष तक पहुंचने वाले लोगों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। जानकारी के मुताबिक, एपी श्रीवास्तव ने 13 दिसंबर 2024 को अपनी बेटियों सुरभि और श्रुति के साथ संयुक्त रूप से यह लॉकर आवंटित कराया था। इसके लिए वे सालाना 2,380 रुपये किराया चुका रहे थे। सुरभि दुबई में रहती हैं, जबकि दूसरी बेटी श्रुति बेंगलुरु में रहती हैं। गहने गायब होने का खुलासा सुरभि के बैंक पहुंचने पर हुआ। परिवार के पास लॉकर में रखे सोने के आभूषणों की तस्वीरें उपलब्ध हैं। संयुक्त लॉकर होने के कारण परिवार ने श्रुति को भी भोपाल बुलाया है, ताकि उनसे भी आवश्यक जानकारी ली जा सके। गायब गहनों की सही सूची और कीमत का आकलन करने के लिए पूर्व अधिकारी पंजाब नेशनल बैंक में रखे अपने दूसरे लॉकर की भी जांच कर रहे हैं। वहां रखे सामान का मिलान करने के बाद ही गायब आभूषणों का वास्तविक विवरण स्पष्ट हो सकेगा। कमला नगर थाना प्रभारी निरूपा पांडे ने बताया कि बृहस्पतिवार को फोन पर सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की ओर से अभी तक लिखित शिकायत नहीं दी गई है और न ही कोई मामला दर्ज हुआ है। दूसरे लॉकर की जांच के बाद लिखित आवेदन मिलने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
