MPSC परीक्षा गड़बड़ी की जांच के लिए हलफनामा जमा करने की समयसीमा बढ़ी, अब 23 नवंबर तक मौका

मुंबई। महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (MPSC) की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, प्रश्नपत्र या उत्तरतालिका लीक होने के मामलों की जांच कर रहे आयोग ने हलफनामा जमा करने की समयसीमा बढ़ा दी है। दिवाली की छुट्टियों को देखते हुए अब संबंधित व्यक्ति, परीक्षार्थी और विद्यार्थी अपने बयान एवं हलफनामे 23 नवंबर 2026 तक जमा कर सकेंगे। इससे पहले इसकी अंतिम तारीख 16 नवंबर निर्धारित की गई थी। जांच आयोग के सदस्य सचिव तुकाराम मुंढे ने सभी संबंधित लोगों से निर्धारित प्रारूप में मराठी या अंग्रेजी भाषा में अपना हलफनामा प्रस्तुत करने की अपील की है। आवेदन के साथ वैध पहचान पत्र की प्रति और संबंधित दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां संलग्न करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा हलफनामे, बयान और संबंधित दस्तावेजों की एक प्रति ई-मेल complaints.inquirycomm.mpsc@maharashtra.gov.in पर भी भेजनी होगी। शिकायत दर्ज कराने से संबंधित जानकारी या सहायता के लिए 022-20867677 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि 23 नवंबर 2026 के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी हलफनामे को स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसलिए सभी संबंधितों से निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेज जमा करने की अपील की गई है।
