एसएसपी विकास कुमार ने झांसी पुलिस लाइन में शुक्रवार परेड का किया निरीक्षण

शस्त्रागार, क्वार्टर गार्ड, परिवहन और यूपी-112 शाखा की व्यवस्थाएं परखीं, अनुशासन और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

झांसी, उत्तर प्रदेश। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने पुलिस लाइन, झांसी में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड का निरीक्षण कर सलामी ग्रहण की। परेड के बाद उन्होंने क्वार्टर गार्ड, शस्त्रागार और पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान शस्त्रों, कारतूसों, अभिलेखों और अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को शस्त्रों एवं सरकारी सामग्री का उचित रखरखाव करने तथा सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन शाखा, रेडियो शाखा और यूपी-112 सहित अन्य विभागों का भी निरीक्षण किया और उपलब्ध उपकरणों, कार्यालयीन दस्तावेजों तथा व्यवस्थाओं की स्थिति परखी। इस दौरान सरकारी संपत्ति के संरक्षण, पुलिस अनुशासन बनाए रखने और सभी कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा करने पर जोर दिया गया। एसएसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, बेहतर पुलिस रिस्पॉन्स, जनसुरक्षा और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ करने की अपेक्षा जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *