बिलॉन्गिंग : प्रेम, पहचान और एक स्त्री की यात्रा

महेन्द्र तिवारी
सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ को केवल एक राजनीतिक नेता की जीवनगाथा के रूप में देखना उचित नहीं होगा। यह एक ऐसी स्त्री की कहानी भी है, जिसने इटली की धरती पर जन्म लिया, प्रेम के सहारे भारत आई और धीरे-धीरे इसी देश को अपना घर, अपनी पहचान और अपनी कर्मभूमि बना लिया। 10 नवंबर 2026 को प्रकाशित यह पुस्तक उनके निजी जीवन, पारिवारिक त्रासदियों और राजनीतिक यात्रा के अनेक अनछुए पहलुओं को सामने लाने का प्रयास करती है। हार्परकॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक को लेकर साहित्यिक और राजनीतिक जगत में स्वाभाविक रूप से उत्सुकता है। इस पुस्तक की सबसे बड़ी विशेषता इसका निजी स्वर है। सोनिया गांधी ने स्वीकार किया है कि अपने जीवन के अनुभवों को शब्दों में ढालना उनके लिए आसान नहीं था। दशकों तक सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहने के बावजूद वह अपने निजी व्यक्तित्व को लेकर अपेक्षाकृत मौन रही हैं। उनकी कहानी अब तक विरोधियों और समर्थकों के नजरिये से अधिक सामने आती रही है। ऐसे में अपनी स्मृतियों और अनुभवों को स्वयं प्रस्तुत करना एक महत्वपूर्ण पहल है। पुस्तक की शुरुआत युद्ध के बाद इटली के वेनेटो में बीते बचपन से होती है। इसके बाद कहानी कैम्ब्रिज पहुंचती है, जहां 1965 में उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी। प्रेम, विवाह और भारत आगमन के बाद उनके जीवन में एक नई दुनिया खुलती है। इंदिरा गांधी से पहली मुलाकात, हिंदी सीखने का संघर्ष, भारतीय पहनावे और खानपान को अपनाने की प्रक्रिया तथा एक नए परिवार और समाज में स्वयं को स्थापित करने के अनुभव इस यात्रा को मानवीय बनाते हैं। लेकिन यह यात्रा केवल प्रेम और अपनत्व की नहीं, बल्कि गहरे दुख और विछोह की भी है। संजय गांधी की विमान दुर्घटना में मृत्यु, 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या और 1991 में राजीव गांधी की हत्या ने उनके जीवन को भीतर तक झकझोर दिया। इन घटनाओं ने एक निजी जीवन जीने की आकांक्षा रखने वाली स्त्री को सार्वजनिक जीवन की कठिन परिस्थितियों में ला खड़ा किया। पुस्तक में इन त्रासदियों का वर्णन भावनात्मक स्तर पर विशेष महत्व रखता है। इस आत्मकथा का एक महत्वपूर्ण प्रसंग 2004 का है, जब कांग्रेस नीत गठबंधन की जीत के बाद सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने से इनकार कर दिया था। उन्होंने बताया है कि इस निर्णय के बारे में वह चुनाव से कई महीने पहले ही अपना मन बना चुकी थीं। इसके अतिरिक्त आपातकाल, बाबरी मस्जिद, 1984 के सिख विरोधी दंगे, मनमोहन सिंह सरकार में उनकी भूमिका, प्रणब मुखर्जी की महत्वाकांक्षा और नरेंद्र मोदी के साथ उनके राजनीतिक संबंधों जैसे विषय भी पुस्तक को समकालीन भारतीय राजनीति का महत्वपूर्ण संदर्भ प्रदान करते हैं। हालांकि, इस पुस्तक को पढ़ते समय आलोचनात्मक विवेक बनाए रखना आवश्यक है। आत्मकथा इतिहास का संपूर्ण दस्तावेज नहीं होती, बल्कि लेखक की स्मृतियों, अनुभवों और दृष्टिकोण का प्रतिबिंब होती है। इसलिए इसमें प्रस्तुत घटनाओं को अंतिम सत्य मानने के बजाय अन्य ऐतिहासिक दस्तावेजों, समकालीन रिपोर्टों और अलग-अलग पक्षों के साथ रखकर देखना चाहिए। किसी भी राजनीतिक व्यक्तित्व की आत्मकथा में कुछ चुप्पियां और चयनित प्रसंग स्वाभाविक होते हैं। इस पुस्तक को भी इसी कसौटी पर परखना उचित होगा। इसका एक महत्वपूर्ण पक्ष स्त्री की पहचान और आत्मसंघर्ष से जुड़ा है। एक विदेशी परिवेश में पली-बढ़ी युवती का भारतीय समाज और राजनीति के केंद्र तक पहुंचना अपने आप में असाधारण यात्रा है। यह सवाल भी महत्वपूर्ण है कि अपनापन आखिर जन्मभूमि से तय होता है या जीवनभर के अनुभवों, रिश्तों और संवेदनाओं से? मेरे विचार में ‘Belonging’ को प्रेम और सत्ता, दोनों के संदर्भों में पढ़ा जाना चाहिए। यह सोनिया और राजीव की प्रेम कहानी भी है और सोनिया तथा भारत के बीच विकसित हुए रिश्ते की कहानी भी। साथ ही यह उस व्यक्ति की राजनीतिक यात्रा है, जिसने कभी सत्ता को अपना लक्ष्य नहीं बनाया, लेकिन परिस्थितियों ने उसे भारतीय राजनीति के केंद्र में पहुंचा दिया। समर्थक इस पुस्तक में त्याग, प्रेम और समर्पण की एक लंबी यात्रा देखेंगे, तो आलोचक कुछ प्रसंगों में आत्मकथात्मक अभिव्यक्ति से अधिक राजनीतिक पक्ष को स्पष्ट करने का प्रयास खोज सकते हैं। लेकिन एक गंभीर और निष्पक्ष पाठक के लिए इस पुस्तक का महत्व इन दोनों धारणाओं से कहीं व्यापक है। किसी व्यक्ति के विचारों से सहमत होना उसकी जीवन-यात्रा को समझने की अनिवार्य शर्त नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि हम पूर्वाग्रहों से ऊपर उठकर उसकी बात सुनें, उस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *