बिना किसी परेशानी के पूरी करें शिक्षा, सरकार और प्रशासन आपके साथ: मंत्री आदिति तटकरे

नंदुरबार के सोरापाड़ा स्थित रुखमाबाई बालिकाश्रम में छात्राओं से किया संवाद, उच्च शिक्षा और प्रशासनिक सेवाओं में जाने के लिए किया प्रोत्साहित

नंदुरबार। किसी भी कठिनाई से घबराए बिना अपनी शिक्षा पूरी करें। आपकी प्रगति और उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार तथा प्रशासन हमेशा आपके साथ खड़ा है। शुक्रवार को यह भरोसा महिला एवं बाल विकास मंत्री आदिति तटकरे ने अक्कलकुवा तहसील के सोरापाड़ा स्थित रुखमाबाई बालिकाश्रम की छात्राओं से बातचीत के दौरान दिलाया। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, भोजन और बालगृह में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। मंत्री तटकरे ने छात्राओं से उच्च शिक्षा प्राप्त करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छात्राएं प्रशासनिक सेवाओं में पहुंचकर समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बालगृहों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पौष्टिक भोजन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान बाल दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. मिताली सेठी की पहल पर चलाए गए ‘एक दिन की जिलाधिकारी’ कार्यक्रम के तहत सावित्रीबाई फुले माध्यमिक विद्यालय, सोरापाड़ा की 11वीं कक्षा की छात्रा आचल धीरज वसावे को जिलाधिकारी कार्यालय के प्रशासनिक कामकाज को समझने का अवसर मिला। आचल ने आईएएस अधिकारी बनने की इच्छा जताते हुए बताया कि वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। छात्राओं में प्रशासनिक सेवाओं के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से यह पहल की गई। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की आयुक्त माधवी सरदेशमुख, जिलाधिकारी डॉ. मिताली सेठी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नमन गोयल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *