ठाणे के तलावपाली में कथित अवैध धंधों के खिलाफ शिवसेना महिला मोर्चा का हंगामा

ठाणे। ठाणे के तलावपाली (मासुंदा तालाब) इलाके में शिवसेना (शिंदे गुट) की महिला आघाड़ी की कार्यकर्ताओं ने कथित अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ जमकर हंगामा किया। गुरुवार रात, 12 नवंबर 2026 को गडकरी चौक के पास हुई इस घटना के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने कुछ महिलाओं पर कथित देह व्यापार का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट की और उन्हें इलाके से खदेड़ दिया। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि तलावपाली परिसर में कथित अवैध गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर नागरिकों ने चिंता जताई है। इन शिकायतों को लेकर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और संबंधित पक्षों के बीच तीखी बहस और झड़प होने की जानकारी सामने आई। इसके चलते कुछ समय के लिए इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।पुलिस-प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
महिला मोर्चा की नेत्रियों ने चेतावनी दी कि इलाके में संचालित किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मांग की कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि अवैध गतिविधियों की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। कार्यकर्ताओं का कहना है कि तलवपाली जैसे सार्वजनिक और व्यस्त इलाके में नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
कई महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहीं मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान वंदना डोंगरे, स्वानंद पवार, पूजा विशाल लोंधे और रीना मुदलियार सहित शिवसेना महिला मोर्चा की कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहीं। फिलहाल इस मामले में पुलिस और प्रशासन की आधिकारिक कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। स्थानीय नागरिकों की मांग है कि शिकायतों की जांच कर इलाके में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *