गोवर्धन पूजा पर सदर विधायक पंकज गुप्ता ने किया गौ पूजन

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर सदर विधायक पंकज गुप्ता ने पीडी नगर स्थित हनुमंत जीव आश्रम पहुंचकर विधि-विधान से गौ पूजन किया। इस दौरान उन्होंने गौ माता को तिलक लगाकर फूल-माला अर्पित की और आरती उतारकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद विधायक ने गायों को गुड़, हरा चारा और अन्य खाद्य सामग्री खिलाई तथा गौ सेवा कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने आश्रम में गौवंश की देखभाल, चारे और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। इस अवसर पर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गोवर्धन पूजा का विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व है। यह पर्व प्रकृति, गौवंश और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति आस्था एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गौ माता की सेवा और संरक्षण भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गौवंश की रक्षा और सेवा के लिए आगे आना चाहिए। विधायक ने कहा कि गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। इस दौरान आश्रम से जुड़े लोगों ने विधायक का स्वागत किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी गौ सेवा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए और गौवंश के संरक्षण का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *