सिटी इंजीनियर विभाग ने अभियंताओं को दिया दिवाली का ‘गिफ्ट’!

एक साथ करीब 700 अभियंताओं के तबादला आदेश जारी, SIR में तैनात कर्मचारियों की बदली पर उठे सवाल

बीएमसी आयुक्त के परिपत्र के बावजूद तबादले का आरोप, कई वार्डों में पद खाली, कामकाज प्रभावित होने की आशंका


मुंबई। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के सिटी इंजीनियर विभाग की ओर से एक साथ करीब 700 अभियंताओं के तबादला आदेश जारी किए जाने के बाद प्रशासनिक हलकों में सवाल उठने लगे हैं। विभाग ने 26 वार्डों में एक ही स्थान पर तीन साल से अधिक समय से कार्यरत अभियंताओं के ऑनलाइन तबादले किए हैं। लंबे समय से एक ही वार्ड में तैनात अभियंताओं के स्थानांतरण की प्रक्रिया को प्रशासनिक दृष्टि से उचित माना जा रहा है, लेकिन तबादलों के बाद खाली हुए पदों पर तत्काल नई नियुक्तियां नहीं होने से वार्डों के कामकाज पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या तबादलों की प्रक्रिया में केवल अभियंताओं को ही निशाना बनाया गया है? यदि तबादले पारदर्शिता और प्रशासनिक व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से किए गए हैं, तो जिन वार्डों से अभियंताओं को हटाया गया है, वहां उनकी जगह नए अधिकारियों की नियुक्ति क्यों नहीं की गई? इसका एक उदाहरण बीएमसी के एच-पूर्व विभाग में देखने को मिल रहा है। यहां पांच उप अभियंताओं में से दो का तबादला कर दिया गया, लेकिन उनकी जगह नए उप अभियंताओं की नियुक्ति नहीं हुई। इसी तरह विभाग में कुल 10 कनिष्ठ अभियंताओं के पदों के मुकाबले पहले से केवल सात अभियंता कार्यरत थे। इनमें से दो के तबादले के बाद अब महज पांच कनिष्ठ अभियंताओं पर कामकाज की जिम्मेदारी रह गई है। ऐसे में सवाल उठता है कि पांच अभियंता 10 बीट में कामकाज कैसे संभालेंगे? इसी तरह अन्य वार्डों में भी तबादले के बाद पद खाली रहने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
SIR में तैनात अभियंताओं के तबादले पर भी सवाल
इस पूरे मामले में सबसे गंभीर सवाल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य में लगे अभियंताओं के तबादलों को लेकर उठ रहा है। बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े ने 6 अक्टूबर 2026 को जारी परिपत्र में स्पष्ट निर्देश दिए थे कि SIR कार्य पूरा होने तक इस अभियान में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारी (AERO) के रूप में नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले के आदेश जारी न किए जाएं। परिपत्र में यह भी उल्लेख किया गया था कि तबादलों के कारण विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न हो सकती है। इसके बावजूद सिटी इंजीनियर विभाग की ओर से SIR कार्य में तैनात कुछ अभियंताओं के तबादले किए जाने का आरोप है। इस मामले में बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त अविनाश ढाकणे की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब सवाल यह है कि जब आयुक्त के परिपत्र में SIR कार्य पूरा होने तक तबादले रोकने के निर्देश दिए गए थे, तो क्या सिटी इंजीनियर विभाग ने इन निर्देशों का पालन किया? क्या तबादला सूची जारी करने से पहले SIR में तैनात अभियंताओं की जिम्मेदारियों की जांच की गई थी? और जिन वार्डों में अभियंताओं के पद खाली हुए हैं, वहां कामकाज सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कब की जाएगी? बीएमसी प्रशासन को इन सवालों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। साथ ही सिटी इंजीनियर विभाग को यह भी बताना चाहिए कि करीब 700 अभियंताओं के तबादलों के बाद वार्ड स्तर पर कामकाज और SIR अभियान प्रभावित न हो, इसके लिए क्या व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *