गन्ना मजदूरों के परिवारों के साथ मंत्री जयकुमार गोरे ने मनाई दीपावली
सोनके में मजदूरों के पाल पर पहुंचे पालकमंत्री, बच्चों की शिक्षा के लिए उनके ठहरने के स्थान पर स्कूल शुरू करने की पहल

पंढरपुर। महाराष्ट्र के ग्राम विकास एवं पंचायतराज मंत्री तथा सोलापुर के पालकमंत्री जयकुमार गोरे ने पंढरपुर तालुका के सोनके गांव में गन्ना कटाई मजदूरों के अस्थायी आवासों पर पहुंचकर उनके परिवारों के साथ दीपावली मनाई। इस दौरान उन्होंने मजदूरों के साथ फराल किया और उन्हें दीपावली की मिठाइयां व उपहार भेंट किए। वहीं, बच्चों को कपड़े वितरित किए गए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ओर से महिलाओं को भाई दूज का उपहार भी दिया गया। मंत्री जयकुमार गोरे ने मजदूर परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याओं और कठिनाइयों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गन्ना कटाई मजदूरों के बच्चे प्रतिकूल परिस्थितियों में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। काम के सिलसिले में परिवारों के लगातार पलायन के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। इसे रोकने के लिए मजदूरों के रहने के स्थान पर ही स्कूल शुरू करने की व्यवस्था की जाएगी। मंत्री गोरे ने बताया कि इस संबंध में जिला परिषद सदस्यों से चर्चा कर स्थानीय स्तर पर स्कूल शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि मजदूरों के बच्चों की शिक्षा में पलायन के कारण बाधा न आए। इस अवसर पर विधायक बाबासाहेब देशमुख, पूर्व विधायक दीपक आबा सालुंखे सहित विभिन्न अधिकारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

