दीपावली पर मध्यप्रदेश में दो भीषण अग्निकांड, 12 लोगों की मौत से दो परिवारों में मातम
कटनी और सिवनी में आग ने उजाड़े परिवार, सीएम मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये सहायता देने के निर्देश दिए

भोपाल, मध्यप्रदेश। दीपावली की खुशियां मध्यप्रदेश के दो परिवारों के लिए मातम में बदल गईं। कटनी और सिवनी जिले में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं में 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों हादसों में परिवार के सदस्य आग और धुएं के बीच फंस गए, जिससे उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। घटनाओं पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दोनों घटनाओं को बेहद दुखद बताया। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि इस कठिन समय में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
सिवनी में मकान में आग, छह की मौत
सिवनी जिले के छपारा में दीपावली की रात के बाद सोमवार तड़के करीब 4 से 4:30 बजे महावीर वार्ड क्रमांक-7 में जैन मंदिर के पास स्थित कुंदन सोनी के मकान में आग लग गई। घटना के समय घर में परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे। आग तेजी से फैलने के कारण परिवार के लोग भीतर ही फंस गए। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
कटनी के बरही में क्रॉकरी दुकान और तीन मंजिला इमारत आग की चपेट में
दूसरी घटना कटनी जिले के बरही में रात करीब 12 बजे हुई। पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में लगी आग ऊपर बनी तीन मंजिला इमारत तक फैल गई। आग और धुएं के कारण इमारत में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। हादसे में दो महीने के बच्चे समेत छह लोगों की मौत हो गई। आग बुझाने और इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए देर रात तक प्रयास जारी रहे। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से इमारत की दीवार तोड़कर दो लोगों को बाहर निकाला गया। दीपावली के पर्व के बीच हुए इन दोनों अग्निकांडों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।
