अयोध्या में महिलाओं से कथित अभद्रता पर अखिलेश का भाजपा पर हमला, बोले- ‘नारी का सम्मान नहीं, अपमान करते हैं’

महिला आयोग से कार्रवाई की मांग, बोले- अगला चुनाव महिला-युवा बनाम भाजपा की लड़ाई होगा

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या में भाजपा के एक कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के साथ कथित मारपीट और अभद्रता को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने महिला आयोग से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित भाजपा नेताओं और आयोजकों के खिलाफ वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग नारी सम्मान की बात करते हैं, लेकिन महिलाओं का अपमान करते हैं। सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव ने दावा किया कि कुछ महीनों बाद प्रदेश में पीडीए सरकार बनने पर राशन में सरसों का तेल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शोषित, वंचित और गरीब वर्ग के लोगों को भाजपा के कथित उत्पीड़न और अपमान से मुक्ति मिलेगी। सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा से पीड़ित और अपमानित लोग इस बार उसका स्थायी सफाया कर देंगे।
लखनऊ अग्निकांड की पीड़ित मां का किया जिक्र
अखिलेश यादव ने लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले युवक की मां का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की ओर से सार्वजनिक रूप से दुखी मां का अपमान किया गया। अखिलेश ने इसे मातृशक्ति का अपमान बताते हुए कहा कि उस मां का श्राप खाली नहीं जाएगा।
‘भाजपा तेल की फिसलन वाली ढलान पर’
सपा अध्यक्ष ने 2024 के लोकसभा चुनाव और 2026 के विधान परिषद चुनाव का हवाला देते हुए दावा किया कि भाजपा के जुमलों का असर जनता के बीच समाप्त हो रहा है। उन्होंने भाजपा को ‘तेल की फिसलन की ढलान’ पर बताते हुए कहा कि जनता उसे हमेशा के लिए हराने के मूड में है। अखिलेश यादव ने यह भी दावा किया कि भाजपा से जुड़े कई राजनीतिक लोग जनाक्रोश के डर से राजनीति छोड़ने या अन्य दलों में जगह तलाशने को मजबूर हैं। उन्होंने आगामी चुनाव को ‘महिला-युवा बनाम भाजपा’ की लड़ाई बताते हुए पार्टी की राजनीतिक चुनौती को रेखांकित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *