वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ दीपावली मनाने पहुंचे एसएसपी जय प्रकाश सिंह
पत्नी नीतू सिंह और पुलिस टीम ने वरिष्ठ नागरिकों को भेंट की मिठाइयां, स्वयं भोजन परोसकर जताया अपनत्व

उन्नाव। दीपावली के पावन पर्व पर उन्नाव के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने सामाजिक संवेदनशीलता और मानवीय सरोकारों की मिसाल पेश की। एसएसपी अपनी धर्मपत्नी श्रीमती नीतू सिंह और परिवार के सदस्यों के साथ थाना बेहटा मुजावर क्षेत्र के तकिया निगोही स्थित वृद्धाश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों के साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी बांगरमऊ हर्ष मोदी, थाना प्रभारी बेहटा मुजावर सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। एसएसपी और उनके परिवार ने बुजुर्गों का हालचाल जाना तथा उनके स्वास्थ्य, रहन-सहन और आवश्यकताओं की जानकारी ली। सभी वरिष्ठ नागरिकों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की गई। इस अवसर पर बुजुर्गों को शॉल, मिठाइयां, दीपक, बाती और मोमबत्तियां भेंट की गईं। एसएसपी, उनकी पत्नी और पुलिसकर्मियों ने बुजुर्गों को स्वयं भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर भोजन भी किया। एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने कहा कि समाज में बुजुर्गों का अनुभव, स्नेह और आशीर्वाद सबसे बड़ी पूंजी है। दीपावली जैसे पर्व पर यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि कोई भी बुजुर्ग स्वयं को अकेला या उपेक्षित महसूस न करे। उनके प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और देखभाल करना सभी की सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी है।एसएसपी और पुलिस टीम की इस पहल से वृद्धाश्रम का माहौल पारिवारिक स्नेह और उल्लास से भर गया। बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी और अपनत्व साफ झलक रहा था। उन्नाव पुलिस की यह पहल संदेश देती है कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब समाज के जरूरतमंद और अकेले रह रहे लोगों तक भी प्रेम और खुशियों का प्रकाश पहुंचे।
