शरद पवार के ‘सिल्वर ओक’ पर सियासी हलचल तेज, मुलाकात करने पहुंचे पार्थ पवार
दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस के विलय की चर्चाओं के बीच वरिष्ठ नेताओं का जमावड़ा

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुटों के विलय को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। शरद पवार के अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने निवास ‘सिल्वर ओक’ पहुंचने के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के कई वरिष्ठ नेता उनसे मुलाकात करने के लिए सिल्वर ओक पहुंचे हैं। वहीं, सूत्रों के अनुसार अजित पवार गुट के नेता पार्थ पवार भी शरद पवार से मिलने उनके आवास पर पहुंचे हैं। शरद पवार से मुलाकात के लिए शरद पवार गुट के वरिष्ठ नेताओं जितेंद्र आव्हाड, अनिल देशमुख और शशिकांत शिंदे के सिल्वर ओक पहुंचने की जानकारी सामने आई है। पार्थ पवार के भी मुलाकात के लिए पहुंचने से राजनीतिक हलकों में चर्चाओं को और बल मिला है।
प्रफुल्ल पटेल की अस्पताल में मुलाकात के बाद बढ़ी चर्चा
कुछ दिन पहले अजित पवार गुट के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने अस्पताल जाकर शरद पवार से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस गुटों के संभावित विलय को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं। इस बीच अजित पवार गुट के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने भी बड़ा दावा किया था। उन्होंने कहा था कि यदि अजित पवार जीवित होते, तो 12 फरवरी को ही दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस गुटों का विलय हो गया होता। तटकरे के अनुसार, अजित पवार ने उन्हें इस संबंध में जानकारी दी थी।
सिल्वर ओक पर बढ़ी राजनीतिक गतिविधियां
सुनील तटकरे के दावे, प्रफुल्ल पटेल की शरद पवार से मुलाकात और अब पार्थ पवार के सिल्वर ओक पहुंचने के घटनाक्रम के बाद दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस गुटों के विलय को लेकर राजनीतिक चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। हालांकि, दोनों गुटों के विलय को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। ऐसे में सिल्वर ओक पर हो रही मुलाकातों को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
