एसटी यात्रा में महिलाओं की रियायत के लिए एनसीएमसी स्मार्ट कार्ड की अनिवार्यता 1 जनवरी 2027 तक टली

मुंबई। महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल (एसटी) की बसों में महिलाओं को यात्रा के दौरान मिलने वाली रियायतों का लाभ उठाने के लिए एनसीएमसी स्मार्ट कार्ड अनिवार्य करने के फैसले की समयसीमा 1 जनवरी 2027 तक बढ़ा दी गई है। इससे महिलाओं को 7 नवंबर से 31 दिसंबर 2026 तक स्मार्ट कार्ड के बिना भी यात्रा रियायतों का लाभ मिलता रहेगा। यह जानकारी शुक्रवार को परिवहन मंत्री तथा एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने दी। सरकार के निर्देशानुसार यात्रा रियायतों को अधिक सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए एसटी महामंडल ने एनसीएमसी स्मार्ट कार्ड वितरण की प्रक्रिया शुरू की है। 1 अक्टूबर 2026 से महिला और वरिष्ठ नागरिक लाभार्थियों के लिए यह कार्ड अनिवार्य किया गया था। अब तक लगभग 1 करोड़ 10 लाख कार्डों का पंजीकरण एवं वितरण किया जा चुका है। हालांकि, ग्रामीण क्षेत्रों की कई महिलाओं का पंजीकरण अभी भी अधूरा होने की बात सामने आई है। सभी पात्र लाभार्थियों तक स्मार्ट कार्ड पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, यात्री संगठनों और ग्राम पंचायत पदाधिकारियों के सहयोग से यह अभियान चलाया जाएगा। महामंडल ने 31 दिसंबर 2026 तक सभी महिला लाभार्थियों का 100 प्रतिशत पंजीकरण और कार्ड वितरण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। एसटी महामंडल की ओर से सभी महिलाओं से अपील की गई है कि वे समयसीमा के भीतर एनसीएमसी स्मार्ट कार्ड के लिए अपना पंजीकरण पूरा कर लें।
