दिवाली-छठ की भीड़ से निपटने के लिए मध्य रेलवे अलर्ट, LTT पर महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने तैयारियों का लिया जायजा

मुंबई। दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे ने लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) पर व्यापक तैयारियां की हैं। मध्य रेलवे के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने बुधवार, 4 नवंबर को LTT का निरीक्षण कर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्री प्रतीक्षा क्षेत्र (होल्डिंग एरिया), टिकट व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और विभिन्न यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। महाप्रबंधक ने संबंधित विभागों को यात्रियों की आवाजाही सुचारू बनाए रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। दिवाली और छठ पूजा के अवसर पर मध्य रेलवे द्वारा LTT से विभिन्न गंतव्यों के लिए 98 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा नियमित रेल सेवाएं भी जारी हैं। LTT से प्रतिदिन 54 नियमित ट्रेन सेवाओं और 10 विशेष ट्रेन सेवाओं का परिचालन किया जाता है। यात्रियों की सुविधा के लिए टर्मिनस पर छतयुक्त विशेष होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, जहां भीड़ को नियंत्रित कर यात्रियों की प्लेटफॉर्म की ओर आवाजाही व्यवस्थित की जा रही है। यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए आरपीएफ जवानों, टिकट जांच कर्मचारियों और वाणिज्य विभाग के कर्मियों को तैनात किया गया है। पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, वेंटिलेशन, पंखे, पेयजल, शौचालय, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, खाद्य स्टॉल और उद्घोषणा प्रणाली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यात्रियों को टिकट आसानी से मिल सके, इसके लिए पर्याप्त टिकट खिड़कियों की व्यवस्था की गई है। प्लेटफॉर्म की घोषणा पहले से करने और बार-बार बदलाव से बचने पर जोर दिया जा रहा है। भीड़भाड़ वाली दो ट्रेनों को एक ही प्लेटफॉर्म पर एक साथ आने से रोकने के लिए विशेष योजना बनाई गई है। आरपीएफ और वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों की निगरानी में यात्रियों की कतारें व्यवस्थित की जा रही हैं। भीड़ प्रबंधन के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक और विशेष वार रूम के माध्यम से टिकट उपलब्धता तथा यात्रियों की भीड़ के रुझानों पर रियल टाइम निगरानी रखी जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के साथ निकट समन्वय बनाए रखा गया है। महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने, लगातार निगरानी रखने और भीड़ के प्रभावी प्रबंधन के लिए आपसी समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए। मध्य रेलवे ने कहा कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और परेशानी मुक्त यात्रा उपलब्ध कराने के लिए वह प्रतिबद्ध है।
