अलीगढ़ में कंटेनर से टकराई सवारियों से भरी निजी बस, आठ माह के मासूम की मौत, 16 घायल
जीटी रोड पर देर रात हुआ भीषण हादसा, बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों ने यात्रियों को बाहर निकालकर पहुंचाई मदद

अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में अकराबाद थाना क्षेत्र के जीटी रोड पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। खेड़ा नारायन सिंह गांव के पास सवारियों से भरी एक निजी बस सामने चल रहे कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का एक तरफ का आधा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में आठ माह के एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि 16 यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब ढाई बजे परिवहन निगम की बस के रंग में रंगी निजी बस कौशांबी से सवारियां लेकर फर्रुखाबाद जा रही थी। खेड़ा नारायन सिंह गांव के पास किसी वाहन को ओवरटेक करने के दौरान बस अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे कंटेनर से जा टकराई। अकराबाद थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में रुखसार, जफर, सद्दाम और आसमा बेगम निवासी कटिया, थाना कंपिल, जिला फर्रुखाबाद तथा जोहरा खुर्शीद और अफरोज निवासी सहमनपुर, थाना गंजडुंडवारा, जिला कासगंज सहित 16 यात्री घायल हुए हैं। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं, जो दूसरे वाहनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने आठ माह के साहिल पुत्र जफर को मृत घोषित कर दिया। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को थाने में खड़ा करा दिया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार, मदद के लिए दौड़े ग्रामीण
हादसा होते ही बस में चीख-पुकार मच गई। घायल महिलाएं और बच्चे दर्द से कराहने लगे। जिन यात्रियों को चोट नहीं आई थी, वे भी अन्य यात्रियों के शरीर से बहते खून और उनकी हालत देखकर दहशत में आ गए। मदद के लिए यात्रियों की पुकार सुनकर सड़क किनारे स्थित घरों में सो रहे ग्रामीण जाग गए और तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। जीटी रोड से गुजर रहे कुछ वाहन चालकों ने भी अपने वाहन सड़क किनारे रोक दिए और यात्रियों की मदद के लिए आगे आए। टक्कर के कारण बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और कुछ यात्री उसके भीतर फंस गए थे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला।सूचना मिलने पर अकराबाद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। वहीं, मामूली रूप से घायल यात्रियों को दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
