भोपाल में सामूहिक हत्याकांड से सनसनी: एक परिवार के चार सदस्यों समेत पांच की मौत, आईएसबीटी पर फिर पकड़ी गई एमडी ड्रग्स की खेप

भोपाल। भोपाल में सोमवार का दिन कई बड़ी घटनाओं के नाम रहा। छोला थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या और परिवार के मुखिया का रेलवे ट्रैक पर शव मिलने से सनसनी फैल गई। वहीं, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) पर डीआरआई ने 4.321 किलो एमडी ड्रग्स के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया।
एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या, मुखिया का रेलवे ट्रैक पर मिला शव
भोपाल के छोला थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी में एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव घर में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतकों में नरेंद्र साहू की मां सरस्वती, पत्नी सोमलता और दो बच्चे कृति (10) तथा खुश (6) शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चारों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका है। वहीं, परिवार के मुखिया नरेंद्र का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नरेंद्र ने पहले परिवार के सदस्यों की हत्या की और फिर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
आईएसबीटी पर तीसरी बार पकड़ी गई ड्रग्स की खेप
भोपाल के अंतरराज्यीय बस टर्मिनल पर डीआरआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली से बस में पहुंचे दो यात्रियों को 4.321 किलो एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों ने मादक पदार्थ के पैकेट बैग और पैंट में छिपा रखे थे। एक महीने के भीतर आईएसबीटी पर ड्रग्स जब्ती की यह तीसरी कार्रवाई है। इससे पहले 14 और 20 अक्टूबर को भी यहां से मादक पदार्थ जब्त किए गए थे। एजेंसी अब इस नेटवर्क की पड़ताल कर रही है कि ड्रग्स की खेप भोपाल में किसे पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *