संविधान की आड़ में अराजकता फैलाने की साजिश नाकाम करेंगे: सीएम फडणवीस

ठाणे में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप

ठाणे। भारतीय जनता पार्टी की ओर से रविवार को ठाणे के पाचपाखाडी से तलावपाली तक ‘लोकतंत्र बचाव पदयात्रा’ निकाली गई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र के नाम पर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश करने वालों की साजिश को नाकाम किया जाएगा। उनकी प्रमुख उपस्थिति में ठाणे में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली गई। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर संसद, चुनाव आयोग, सर्वोच्च न्यायालय सहित संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया। फडणवीस ने कांग्रेस के शासनकाल में लगाए गए आपातकाल का उल्लेख करते हुए पार्टी की भूमिका पर निशाना साधा। उन्होंने 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चुनाव से जुड़े न्यायालय के फैसले के बाद संविधान में किए गए संशोधनों और मौलिक अधिकारों पर लगाए गए प्रतिबंधों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 1977 में जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद मौलिक अधिकार फिर से बहाल किए गए।उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने न्यायपालिका पर दबाव बनाने और न्यायाधीशों के इस्तीफे की मांग करने को डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के संविधान का अपमान बताया। वोट चोरी के आरोपों पर विपक्ष से ठोस सबूत पेश करने की चुनौती भी दी। सवाल उठाया गया कि तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकारें भी क्या वोट चोरी से बनी हैं? ईवीएम के जरिए चुने गए विपक्षी सांसदों से इस्तीफा देकर वोट चोरी साबित करने की चुनौती दी गई।
2019 के जनादेश और कोविड काल को लेकर भी निशाना
पदयात्रा में 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद शिवसेना और भाजपा को मिले जनादेश का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया कि कांग्रेस के साथ सरकार बनाकर जनादेश बदला गया था। इसे वास्तविक वोट चोरी करार देते हुए उद्धव ठाकरे गुट पर निशाना साधा गया। कोविड काल में मुंबई महानगरपालिका में कथित वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा गया कि उस समय ‘नोट चोरी’ करने वाले अब ‘वोट चोरी’ की बात कर रहे हैं। वक्ताओं ने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में योगदान दिया है और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है। जनधन योजना, लखपति दीदी, पीएम-किसान, बेटी बचाओ, स्टार्टअप इंडिया, कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी योजनाओं को सरकार की उपलब्धियों के रूप में गिनाया गया। प्रधानमंत्री मोदी को 36 देशों से सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिलने का भी उल्लेख किया गया। इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, वन मंत्री गणेश नाईक, परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे, नरेश म्हस्के, डॉ. हेमंत सावरा, पूर्व सांसद कपिल पाटील, संजीव नाईक और आनंद परांजपे सहित कई विधायक और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। महापौर शर्मिला पिंपोलकर, उपमहापौर कृष्णा पाटील, शिवसेना के उपनेता प्रकाश पाटील तथा भाजपा-शिवसेना महायुति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *