तंबाकू विरोधी कार्रवाई में अनियमितता पर FDA के चार अधिकारी निलंबित
21 अन्य अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू, तुकाराम मुंढे की जांच के बाद सरकार की कार्रवाई
दिगंबर भोगावडे, यदुराज दहातोंडे, अशोक इलागेर और सी. आर. स्वामी पर गिरी गाज

मुंबई। प्रतिबंधित तंबाकूजन्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में कथित अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने अन्न व औषधि प्रशासन (FDA) के चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया है, जबकि 21 अन्य अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है। यह कार्रवाई ठाणे की मेसर्स हाईस्ट्रीट इम्पेक्स एलएलपी और मावल तालुका की मेसर्स सोएक्स इंडिया प्रा. लि. से जुड़े मामलों में की गई है। इसकी जानकारी मंत्री नरहरि झिरवाल ने दी। FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे के माध्यम से कराई गई जांच के बाद अन्न सह आयुक्त दिगंबर भोगावडे, अन्न सहायक आयुक्त यदुराज दहातोंडे, अन्न सुरक्षा अधिकारी अशोक इलागेर और सी.आर.स्वामी को 30 अक्टूबर 2026 के आदेश के तहत निलंबित किया गया है। महाराष्ट्र नागरी सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम, 1979 के नियम 8 के तहत आगे की विभागीय जांच शुरू की गई है। जांच रिपोर्ट के अनुसार, हाईस्ट्रीट इम्पेक्स एलएलपी के मामले में उत्पाद पर ‘नॉट फॉर एडिबल यूज/ओन्ली फॉर यूज इन हुक्का फॉर स्मोकिंग पर्पज’ लिखा होने के बावजूद खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की गई। रिपोर्ट में अधिकारियों पर कार्रवाई के लिए दबाव डालने और कार्रवाई से इनकार करने वाले सहायक आयुक्त पी. पी. सूर्यवंशी को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने का भी उल्लेख है। वहीं, मावल तालुका के टाकवे स्थित सोएक्स इंडिया प्रा. लि. कंपनी पर 2 जनवरी 2026 को की गई कार्रवाई में 31 करोड़ 67 लाख 21 हजार 987 रुपये मूल्य का 5 लाख 48 हजार 488 किलो प्रतिबंधित तंबाकूजन्य पदार्थों का भंडार जब्त कर कंपनी का प्रतिष्ठान सील किया गया था। दोनों मामलों में संबंधित अधिकारियों की भूमिका, कार्रवाई की कानूनी वैधता, अधिकार क्षेत्र और प्रशासनिक प्रक्रिया के पालन की जांच की जाएगी। मंत्री झिरवाल ने कहा कि खाद्य सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में कानून का पालन तथा प्रशासनिक जवाबदेही को प्राथमिकता दी जाएगी।
