मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आर्यन पंप्स के ग्लोबल डिजाइन एवं इनोवेशन सेंटर का किया दौरा

मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को सेनापति बापट रोड स्थित आर्यन हाउस में संचालित आर्यन पंप्स एंड एन्वायरो सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के ग्लोबल डिजाइन एवं इनोवेशन सेंटर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में चल रहे अनुसंधान, विकास और तकनीकी कार्यों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने ‘मेड इन महाराष्ट्र, मेड फॉर द वर्ल्ड’ की भावना व्यक्त करते हुए कंपनी के उद्यमियों और इंजीनियरों के कौशल की सराहना की।
वैश्विक जरूरतों के लिए तकनीक और इंजीनियरिंग पर शोध
इस केंद्र में कंपनी की वैश्विक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए तकनीक और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अनुसंधान एवं विकास का कार्य किया जाता है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने यहां विकसित किए गए अत्याधुनिक हाइड्रोलिक पंप, विशेष उपयोग के लिए इंजन से चलने वाले पंप सेट और जेटिंग रिसाइक्लर्स के बारे में जानकारी प्राप्त की।
आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के डिजाइन पर भी काम
मुख्यमंत्री ने आपातकालीन सेवाओं के लिए आवश्यक ‘फर्स्ट रिस्पॉन्स वाहनों’ की डिजाइन और अनुसंधान प्रक्रिया को भी समझा। उन्होंने केंद्र में विकसित हो रही तकनीकों और उत्पादों की जानकारी लेते हुए इंजीनियरों के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर ‘मित्रा’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रवीण परदेशी, मेट्रो के प्रबंध निदेशक श्रावण हर्डीकर और पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका के आयुक्त विजय सूर्यवंशी उपस्थित थे।
