दमोह में 14 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, 27 वर्षीय युवक गिरफ्तार
हटा थाना क्षेत्र की घटना, न्यायालय ने आरोपी को जेल भेजा

दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार दोपहर हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
स्कूटी पर जबरन ले जाने और धमकी देने का आरोप
पुलिस के अनुसार, 14 वर्षीय पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 अक्टूबर को फैजान खान नामक युवक उसे कथित तौर पर जबरदस्ती अपनी स्कूटी पर बैठाकर ले गया। आरोप है कि युवक उसे ईदगाह के पास एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी ने किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी।
घर लौटने पर परिजनों को बताई घटना
बताया गया कि घटना के बाद जब नाबालिग काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। घर लौटने के बाद पीड़िता ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर हटा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
डेढ़ साल से परेशान करने का भी आरोप
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने अपने बयान में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी पहले भी उसके साथ दुष्कर्म कर चुका था और पिछले करीब डेढ़ वर्ष से उसे लगातार परेशान कर रहा था। पुलिस ने इन आरोपों को भी जांच में शामिल किया है।
पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी फैजान पिता फरीद खान (27), निवासी रामकवि वार्ड को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
