बीडा में बनेगा डेटा सेंटर क्लस्टर, बुंदेलखंड को मिलेगा डिजिटल और औद्योगिक विकास का नया आधार

झांसी। उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) क्षेत्र में प्रस्तावित डेटा सेंटर क्लस्टर की स्थापना और विकास को लेकर स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंडलायुक्त कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद सीईओ ने बीडा के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर परियोजना की संभावनाओं और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निवेश, रोजगार और डिजिटल अवसंरचना पर हुई चर्चा
बैठक में बीडा के अध्यक्ष एवं मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे, सीईओ संजय खत्री, जिलाधिकारी गौरांग राठी, एसीईओ प्रवीण वर्मा, सीजीएम अरविंद कुमार जैन, लोक निर्माण, विद्युत और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सलाहकार बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप (बीसीजी) के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान डेटा सेंटर क्लस्टर से उत्पन्न होने वाली निवेश संभावनाओं, डिजिटल अवसंरचना को मजबूत करने, रोजगार सृजन, तकनीकी विकास तथा क्षेत्र में औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को गति देने जैसे विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
आधारभूत सुविधाओं के विकास पर जोर
परियोजना के समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सड़क, बिजली, सिंचाई और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने इसे क्षेत्र में आधुनिक डिजिटल अवसंरचना विकसित करने और बड़े निवेशकों को आकर्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
स्थलीय निरीक्षण कर लिया जायजा
बैठक के उपरांत स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह ने बीडा अधिकारियों के साथ प्रस्तावित डेटा सेंटर क्लस्टर के लिए चिन्हित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परियोजना के विकास के लिए आवश्यक भूमि और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े पहलुओं का आकलन किया गया।
बुंदेलखंड को मिलेगा नया औद्योगिक आधार
अधिकारियों के अनुसार प्रस्तावित डेटा सेंटर क्लस्टर के विकास से बुंदेलखंड में डिजिटल और औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूती मिलेगी। इससे निवेश के नए अवसर पैदा होंगे, रोजगार का सृजन होगा और क्षेत्र की आर्थिक प्रगति को गति मिलेगी। यह परियोजना बुंदेलखंड को आधुनिक औद्योगिक और डिजिटल विकास के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पावरपॉइंट प्रस्तुति में दी भूमि की जानकारी
बैठक का संचालन एसीईओ प्रवीण वर्मा ने किया। उन्होंने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से बीडा में स्थापित होने वाले डेटा सेंटर क्लस्टर के लिए प्रस्तावित भूमि और परियोजना से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रस्तुत कीं।
