अयोध्या की दीपावली रोशन करेंगे उन्नाव जेल के बंदियों के बनाए 5 हजार दीये

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। दीपावली के अवसर पर अयोध्या को रोशन करने के लिए उन्नाव जिला जेल के बंदियों द्वारा तैयार किए गए 5 हजार मिट्टी के दीये भेजे जाएंगे। इन दीयों के साथ जेल की गौशाला में पल रही कालिंदी नामक गाय के दूध से तैयार करीब 5 किलो शुद्ध घी भी अयोध्या भेजा जाएगा। जेल प्रशासन की इस पहल के माध्यम से बंदियों के हुनर, मेहनत और रचनात्मक गतिविधियों को भी सामने लाया जा रहा है। जेल अधीक्षक नीरज देव ने बताया कि दीये तैयार करने के लिए बाहर से मिट्टी मंगाई गई है। इस कार्य में छह बंदी जुटे हुए हैं, जो चाक की मदद से मिट्टी के दीये बना रहे हैं। दीपावली के अवसर पर अयोध्या भेजने के लिए कुल 5 हजार दीये तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला जेल परिसर में गौशाला भी संचालित है, जहां कई गायों का पालन-पोषण किया जाता है। इनमें से कुछ गायें दूध देती हैं। कालिंदी नामक गाय के दूध से लगभग 5 किलो घी तैयार किया गया है, जिसे मिट्टी के दीयों के साथ अयोध्या भेजा जाएगा। दीपावली पर अयोध्या के लिए बंदियों के हाथों से तैयार मिट्टी के दीये और जेल की गौशाला में तैयार घी भेजने की यह पहल जेल में संचालित रचनात्मक गतिविधियों और बंदियों के श्रम को एक नई पहचान दे रही है।
