रात में जगमगाते बाजार व्यापारियों के बढ़ते भरोसे की पहचान: योगी आदित्यनाथ

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में रात के समय जगमगाते बाजार और खुले व्यावसायिक प्रतिष्ठान व्यापारियों के बढ़ते भरोसे का प्रतीक हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि वर्ष 2017 से पहले अपराध और असुरक्षा के कारण सूर्यास्त होते ही बाजारों में व्यापारिक गतिविधियां कम होने लगती थीं। देर रात तक काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर परिवारों में भी चिंता रहती थी। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने कानून-व्यवस्था में सुधार और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता दी। अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति से प्रदेश में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है। आज बाजार देर रात तक खुले रहते हैं, जिससे व्यापारियों को कारोबार बढ़ाने के नए अवसर मिल रहे हैं। वहीं, महिलाएं भी नाइट शिफ्ट में बिना डर के काम कर रही हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास और समाज की प्रगति का संकेत है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में महिला श्रम बल भागीदारी करीब 13 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 36 प्रतिशत हो गई है। मुख्यमंत्री ने इसे महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में हुई प्रगति बताते हुए कहा कि सुरक्षित माहौल के कारण प्रदेश अब ‘सुरक्षा से समृद्धि’ की ओर बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *