सिंगरौली में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
1,318 कोडीनयुक्त कफ सिरप और 52,560 नशीली टैबलेट-कैप्सूल जब्त, मोटरसाइकिल भी पुलिस के कब्जे में
राज्यस्तरीय विशेष एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत बरगवां में कार्रवाई, दवाओं की आपूर्ति और स्रोत की जांच जारी

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिंगरौली पुलिस ने बरगवां थाना क्षेत्र में कार्रवाई कर भारी मात्रा में नशीली दवाएं जब्त की हैं। पुलिस ने 1,318 कोडीनयुक्त कफ सिरप की शीशियां, 52,560 नशीली टैबलेट और कैप्सूल तथा एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे 15 दिवसीय राज्यस्तरीय विशेष एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत के निर्देशन, डीआईजी रीवा रेंज हेमंत चौहान के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज के.एम. के नेतृत्व में जिले में अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, बरगवां पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कोडीनयुक्त कफ सिरप और अन्य नशीली दवाओं का अवैध भंडारण एवं बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने स्टार मेडिकल स्टोर के सामने कार्रवाई की। इसके बाद जांच आगे बढ़ाते हुए मेडिकल स्टोर संचालक के गोदाम से बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद की गईं।
कार्रवाई के दौरान ग्राम सेमुआर, थाना बरगवां निवासी सुकसेन बैस (22), पिता रूप प्रसाद बैस और नीतेश कुमार बैस (25), पिता शारदा प्रसाद बैस को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल से संबंधित कार्रवाई में APCORES कफ सिरप की 238 शीशियां और बोलेरो वाहन से 1,080 शीशियां बरामद हुईं। इसके अलावा गोदाम से बड़ी मात्रा में अन्य नशीली दवाएं जब्त की गईं। पुलिस अब जब्त दवाओं के स्रोत, उनकी आपूर्ति श्रृंखला, परिवहन और संभावित खरीदारों के संबंध में जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, नशीले पदार्थों के अवैध भंडारण, परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि ऐसे कारोबार की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित कर अभियान में सहयोग करें। कार्रवाई में बरगवां थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पटेल, जयंत चौकी प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार सिंह सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
