सपा सच्चाई से मुंह मोड़ रही है, 2027 में भाजपा फिर बनाएगी सरकार: ब्रजेश पाठक
हरदोई के मल्लावां में विशाल करवाचौथ दंगल का शुभारंभ, अखिलेश यादव के बयान पर उपमुख्यमंत्री का पलटवार

हरदोई। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दावा किया है कि विधान परिषद चुनाव में भाजपा ने अपनी सीटें बरकरार रखी हैं और वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। गुरुवार को हरदोई जिले के मल्लावां कस्बे में अपने पैतृक नगर में आयोजित विशाल करवाचौथ दंगल का शुभारंभ करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि एमएलसी चुनाव में भाजपा ऑलआउट हो गई है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा सच्चाई से मुंह मोड़ रही है और उसे दिन में सपने नहीं देखने चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता गुंडे-माफियाओं को कभी स्वीकार नहीं करेगी। उनके मुताबिक, जब-जब सपा की सरकार आई, तब-तब कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री की गरीब कल्याण योजनाओं और प्रदेश की कानून-व्यवस्था के आधार पर 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलेगा। मेडिकल कॉलेज की अव्यवस्थाओं से जुड़े सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि धीरे-धीरे व्यवस्थाएं ठीक हो जाएंगी। इससे पहले उन्होंने मल्लावां में स्वर्गीय डॉ. सुरेश पाठक और स्वर्गीय सुभाष चंद्र पाठक की पुण्य स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले विशाल करवाचौथ दंगल में शामिल होकर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और पारंपरिक खेलों की समृद्ध विरासत को संजोने वाले ऐसे आयोजन लोक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ युवा पीढ़ी में खेल भावना, साहस और अनुशासन को बढ़ावा देते हैं। इस आयोजन के माध्यम से उन्होंने दोनों दिवंगत विभूतियों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। कार्यक्रम में भाजपा अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री अवधेश कटियार, हरदोई जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, आयोजक राजेश पाठक, जिला सहकारी बैंक हरदोई के अध्यक्ष अशोक सिंह, ब्लॉक प्रमुख धनंजय मिश्रा, पूर्व विधायक ब्रजेश वर्मा, मंच संचालक गौरव पाठक, विनीत पटेल, विशाल जायसवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
