सदर विधायक पंकज गुप्ता की पहल पर पिपरी में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 187 मरीजों को मिला परामर्श
वेदांता हेल्थकेयर क्लीनिक के डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उन्नाव जिले में सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पिपरी स्थित श्री हनुमान मंदिर में सदर विधायक पंकज गुप्ता के नेतृत्व में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 187 मरीजों ने पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श लिया और निःशुल्क दवाइयां प्राप्त कीं। शिविर में महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में आवास विकास कॉलोनी, उन्नाव स्थित वेदांता हेल्थकेयर क्लीनिक के डॉक्टरों की टीम ने मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श दिया। मौसम में बदलाव को देखते हुए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। बुखार, जुकाम और त्वचा संबंधी समस्याओं के लिए दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही, मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए गए। इस दौरान क्लीनिक की चिकित्सक टीम, फार्मासिस्ट, एलटी, प्रबंधक मयंक बाजपेई, श्री हनुमान मंदिर के पुजारी संतोष मिश्रा, अमन सहित अन्य लोग मौजूद रहे। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिली। विधायक पंकज गुप्ता की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की। शिविर का संदेश रहा—“स्वस्थ रहे उन्नाव, सुरक्षित रहे उन्नाव।”
