कल से रेलवे आरक्षण काउंटरों पर भी मिलेगा वैकल्पिक यात्रा बीमा

45 पैसे के प्रीमियम पर मिलेगा 10 लाख रुपये तक का बीमा कवर

मुंबई। भारतीय रेल ने 27 अक्टूबर 2026 से रेलवे आरक्षण काउंटरों पर भी वैकल्पिक यात्रा बीमा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। अब यात्री यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) काउंटरों से आरक्षित टिकट बुक करते समय 10 लाख रुपये तक का यात्रा बीमा लेने का विकल्प चुन सकेंगे। इससे पहले यह सुविधा आईआरसीटीसी के माध्यम से ई-टिकट बुक करने वाले यात्रियों के लिए उपलब्ध थी। इस योजना के तहत यात्री अपनी इच्छा से बीमा का विकल्प चुन सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर देना होगा और निर्धारित प्रीमियम का भुगतान डिजिटल माध्यम से करना होगा। मौजूदा योजना के अनुसार, प्रति यात्री बीमा प्रीमियम 45 पैसे है।
मृत्यु और दिव्यांगता पर 10 लाख रुपये तक का कवर
रेल दुर्घटना या अप्रिय घटना में मृत्यु: 10 लाख रुपये
स्थायी पूर्ण दिव्यांगता: 10 लाख रुपये
स्थायी आंशिक दिव्यांगता: 7.5 लाख रुपये तक
चोट लगने पर अस्पताल में भर्ती का खर्च: 2 लाख रुपये तक
पार्थिव शरीर के परिवहन का खर्च: 10,000 रुपये
बीमा कवरेज आईआरसीटीसी के माध्यम से ई-टिकट बुक करने वाले यात्रियों पर लागू मौजूदा वैकल्पिक यात्रा बीमा योजना के नियमों और शर्तों के अनुसार होगा।
मोबाइल पर मिलेगी पॉलिसी की जानकारी
बीमा का विकल्प चुनने वाले यात्रियों को पॉलिसी का विवरण उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा। रेलवे आरक्षण कर्मचारी यात्रियों को बीमा का विकल्प चुनने में सहायता करेंगे। साथ ही प्रीमियम के उचित संग्रह और यात्रियों के विवरण का सही रिकॉर्ड सुनिश्चित किया जाएगा। मध्य रेल ने आरक्षण काउंटरों से टिकट बुक करने वाले यात्रियों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। रेलवे के अनुसार, मामूली प्रीमियम पर उपलब्ध यह वैकल्पिक बीमा सुविधा रेल यात्रा के दौरान अतिरिक्त वित्तीय सुरक्षा प्रदान करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *