शरद पूर्णिमा पर कौशल्य सेवा फाउंडेशन ने महिलाओं में वितरित किए 108 तुलसी के पौधे

साकीनाका के लक्ष्मी नारायण मंदिर में हुआ आयोजन, बड़ी संख्या में महिला-पुरुष हुए शामिल

मुंबई। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुंबई के साकीनाका, अंधेरी पूर्व स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में कौशल्य सेवा फाउंडेशन की ओर से 108 तुलसी के पौधों का महिलाओं में वितरण किया गया। यह कार्यक्रम मुंबई भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा के सानिध्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष उपस्थित रहे। इस अवसर पर कौशल्य सेवा फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष रागिनी उपाध्याय भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था। तुलसी के पौधों के वितरण के माध्यम से महिलाओं को भारतीय परंपराओं से जुड़ने तथा घर-परिवार में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। कौशल्य सेवा फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के सामाजिक एवं सांस्कृतिक उत्थान में योगदान देना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग में सेवा, सहयोग और अपनत्व की भावना जागृत करना है। फाउंडेशन समय-समय पर विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर जागरूकता, सकारात्मक सोच और मानवीय मूल्यों को प्रोत्साहित करता है। फाउंडेशन की प्रमुख गतिविधियों में कलात्मक कौशल का प्रशिक्षण, वृद्धाश्रमों में जाकर बुजुर्गों के साथ समय बिताना, उनके जीवन में अपनत्व एवं प्रसन्नता का संचार करना, अनाथालयों में बच्चों को कला और हुनर सिखाकर उनका आत्मविश्वास बढ़ाना तथा जरूरतमंद एवं निराश्रित बच्चों की यथासंभव सहायता करना शामिल है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से ईश्वर के प्रति आस्था, भारतीय परंपराओं, संस्कारों और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना भी फाउंडेशन की प्राथमिकताओं में शामिल है। फाउंडेशन का मानना है कि सेवा केवल सहायता करने तक सीमित नहीं है, बल्कि हर व्यक्ति को समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा होने का एहसास कराना भी इसका अभिन्न अंग है। इस आयोजन के माध्यम से सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और सेवा भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *