चेंबूर में कोडीन कफ सिरप की तस्करी का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार
एएनसी वरली यूनिट की कार्रवाई, 75 बोतलें बराम, कीमत करीब 75 हजार रुपये

मुंबई। शहर में नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने चेंबूर इलाके में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से कोडीन युक्त कफ सिरप की 75 बोतलें बरामद की गईं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) की वरली यूनिट को मुंबई में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री और भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान चेंबूर में एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। टीम ने आरसी मार्ग पर वीएनपी और आरसी मार्ग जंक्शन मोनोरेल स्टेशन के नीचे उसे हिरासत में लेकर तलाशी ली। इस दौरान कफ सिरप की 75 बोतलें बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक, कोडीन युक्त कफ सिरप का नशे के लिए दुरुपयोग किए जाने की आशंका के चलते इसकी अवैध बिक्री और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई। अभियान का नेतृत्व एएनसी की पुलिस उपायुक्त पौर्णिमा चौगुले-शृंगी, सहायक पुलिस आयुक्त सुधीर हिरडेकर और वरली यूनिट के प्रभारी पुलिस निरीक्षक संतोष सालुंखे ने किया। टीम में सहायक पुलिस निरीक्षक किरण वाघ सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। मुंबई पुलिस ने कहा कि शहर में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध वितरण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
