झांसी में 1 नवंबर को लगेगा मेगा विधिक सेवा एवं जागरूकता शिविर

पात्र लाभार्थियों को मौके पर मिलेंगी सरकारी योजनाओं की सुविधाएं, अधिकारियों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश

देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश । आगामी 1 नवंबर 2026 को झांसी में आयोजित होने वाले विशाल मेगा विधिक सेवा एवं जागरूकता शिविर की तैयारियों को लेकर विकास भवन सभागार में समन्वय बैठक हुई। बैठक जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती कमलेश कच्छल के मार्गदर्शन में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा शिविर के नोडल अधिकारी शरद कुमार चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव मुन्ना लाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। नोडल अधिकारी शरद कुमार चौधरी ने निर्देश दिए कि शिविर को ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ की तर्ज पर आयोजित किया जाए, ताकि ग्रामीणों, वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, निराश्रित महिलाओं, किसानों और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों सहित सभी पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव या प्रक्रियागत जटिलताओं के कारण कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। प्रभारी सचिव मुन्ना लाल ने अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों की सूची समय से तैयार करने और शिविर में विभागीय स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए। पात्र लोगों को उपकरण, प्रमाण-पत्र, स्वीकृति पत्र और अन्य अनुमन्य सुविधाएं मौके पर उपलब्ध कराने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, श्रम, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और ग्राम्य विकास सहित सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *