500 करोड़ के आरोप पर AAP ने एकनाथ शिंदे की नार्को टेस्ट की मांग उठाई

मनोज जरांगे पाटील की कथित ऑडियो क्लिप की स्वतंत्र जांच और न्यायिक निगरानी में जांच की मांग

मुंबई। आम आदमी पार्टी (AAP) महाराष्ट्र ने मराठा आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटील द्वारा सामने लाई गई कथित ऑडियो क्लिप और 500 करोड़ रुपये के कथित लेन-देन के आरोपों को गंभीर बताते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की नार्को टेस्ट कराने की मांग की है। पार्टी ने इस पूरे मामले की न्यायिक निगरानी में जांच कराने और ऑडियो क्लिप की सत्यता स्वतंत्र एजेंसी से जांचने की भी मांग की है। AAP महाराष्ट्र के प्रदेश सचिव डॉ. अभिजीत मोरे ने जारी प्रेस नोट में कहा कि जरांगे पाटील द्वारा पेश कथित ऑडियो क्लिप और भाजपा तथा एकनाथ शिंदे के बीच 500 करोड़ रुपये के लेन-देन से जुड़े आरोप बेहद गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि शिंदे इन आरोपों को खारिज कर चुके हैं, लेकिन इस मामले में जनता के सामने स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। मोरे ने शिंदे के कथित बयान “ना लिया, ना दिया” का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि यदि कोई लेन-देन नहीं हुआ तो यह ऑडियो क्लिप कहां से आई। उन्होंने मांग की कि क्लिप की फॉरेंसिक और स्वतंत्र जांच कराई जाए तथा इसमें जिन भाजपा विधायकों या पदाधिकारियों के नाम अथवा भूमिकाएं सामने आती हैं, उनकी भी जांच हो। AAP ने यह भी मांग की है कि कथित 500 करोड़ रुपये की रकम का स्रोत, लेन-देन का तरीका और इससे जुड़े संभावित लोगों की भूमिका की जांच की जाए। डॉ. मोरे ने आरोप लगाया कि यदि मराठा आरक्षण आंदोलन को कमजोर करने, उसके नेताओं को बदनाम करने या आंदोलन की दिशा प्रभावित करने के लिए किसी प्रकार के राजनीतिक दबाव, धन वितरण या ऑडियो क्लिप का इस्तेमाल किया गया है तो इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने सवाल उठाया कि मराठा समाज के आंदोलन और किसानों के मुद्दों को प्रभावित करने के लिए कहीं बड़े पैमाने पर राजनीतिक रणनीति तो नहीं बनाई गई। AAP ने भाजपा और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से इस पूरे प्रकरण पर सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *