लकड़ी के बुरादे की बोरियों में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही 2 करोड़ की शराब बरामद

चंदौली में बलुआ पुलिस और स्वाट टीम की कार्रवाई: 1200 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

चंदौली, उत्तर प्रदेश। बलुआ पुलिस और स्वाट टीम ने गंगा नदी पर बलुआ पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान शराब तस्करी के बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने ट्रक से बिहार ले जाई जा रही करीब दो करोड़ रुपये की अंग्रेजी शराब बरामद की है। ट्रक में कुल 1200 पेटी शराब लदी थी। मामले में चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सीओ सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि बुधवार को बलुआ थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, स्वाट टीम प्रभारी रामजनम यादव और सर्विलांस सेल प्रभारी आशीष मिश्र के नेतृत्व में संयुक्त टीम वाराणसी से बिहार जाने वाले मार्ग पर बलुआ पुल के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान चंदौली की ओर से आ रहे एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस को देखकर ट्रक से उतरकर दो लोग भागने लगे, जिन्हें टीम ने पकड़ लिया। तलाशी के दौरान ट्रक के पिछले हिस्से में प्लास्टिक की बोरियों में भरे लकड़ी के बुरादे की आड़ में छिपाकर रखी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, ट्रक से कुल 11,408.76 लीटर अंग्रेजी शराब, जो 1200 पेटियों में भरी थी, बरामद की गई। इसकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमाचल प्रदेश निवासी लताश (34) और पंजाब के मोहाली जिले के निवासी विरेंद्र (35) के रूप में हुई है। उनके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 3700 रुपये नकद, पर्स, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य सामान बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने चंडीगढ़ के पास एक अज्ञात व्यक्ति से शराब लदा ट्रक लिया था और उसे बिहार पहुंचाना था। वहां शराब ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी। इसके बदले दोनों को एक लाख रुपये देने का लालच दिया गया था। पुलिस से बचने के लिए शराब की पेटियों के ऊपर लकड़ी के बुरादे से भरी बोरियां रखी गई थीं, ताकि बाहर से देखने पर ट्रक में सामान्य माल लदा हुआ लगे। पुलिस अब शराब की खेप भेजने वाले व्यक्ति, बिहार में इसे प्राप्त करने वालों और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *