
इंद्र यादव/मुंबई। बांद्रे पश्चिम में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ वर्षीय बच्चे की इनोवा क्रिस्टा कार से कुचलकर मौत हो गई। मृत बच्चे की पहचान अंश रविंद्र गुप्ता के रूप में हुई है। आरोप है कि हादसे के समय कार चला रही महिला मोबाइल फोन पर बात कर रही थी। बांद्रे पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला चालक मेघा रावल को गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार दोपहर करीब 2.15 से 2.30 बजे के बीच बांद्रे पश्चिम स्थित जिजामाता गार्डन के सामने जॉन बैपटिस्ट रोड पर हुई। आठ वर्षीय अंश सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान मेघा रावल अपनी इनोवा क्रिस्टा कार लेकर वहां से गुजर रही थी। आरोप है कि वह मोबाइल फोन पर बात करते हुए तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रही थी। इसी दौरान कार ने अंश को जोरदार टक्कर मार दी और उसके ऊपर से गुजर गई।हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल अंश को तत्काल होली फैमिली अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और इलाके में शोक का माहौल छा गया।घटना की सूचना मिलते ही बांद्रे पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने करीब 45 वर्षीय मेघा रावल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला जॉन बैपटिस्ट रोड, बांद्रे पश्चिम की ही रहने वाली बताई गई है। इस संबंध में बांद्रे पुलिस थाने में गुनाह रजिस्टर नंबर 1843/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 281, 125 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत कार्रवाई की गई है।पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में आरोप है कि महिला वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात कर रही थी और कार लापरवाही से चला रही थी। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। मामले की आगे की जांच बांद्रे पुलिस द्वारा की जा रही है।इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल के गंभीर खतरे को सामने ला दिया है। कुछ पल की लापरवाही ने आठ साल के मासूम की जिंदगी छीन ली और एक परिवार को जिंदगीभर का दर्द दे दिया।

