
मुंबई। मुंबई महानगर के पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) शहर में कुल 7 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) स्थापित कर रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर ने बांद्रा पश्चिम स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परियोजना स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।बीएमसी के अनुसार, बांद्रा पश्चिम में बांद्रा-वर्ली सी लिंक के निकट निर्माणाधीन इस सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य तेज़ी से चल रहा है। परियोजना की भौतिक प्रगति 63 प्रतिशत पूरी हो चुकी है और इसे वर्ष 2027 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।इस अत्याधुनिक परियोजना में केवल मलजल शोधन सुविधा ही नहीं, बल्कि रूफटॉप गार्डन (छत पर उद्यान) और व्यूइंग टॉवर जैसी आकर्षक संरचनाओं का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे यह पर्यावरण संरक्षण के साथ शहरी सौंदर्य का भी केंद्र बनेगा।निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त आयुक्त अभिजीत बांगर ने बायोरिएक्टर (प्राथमिक एवं द्वितीयक उपचार केंद्र) तथा पंपिंग स्टेशन का दौरा कर कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिरिक्त मानवबल उपलब्ध कराकर निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के जारी रखा जाए तथा गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। इस अवसर पर उपायुक्त शशांक भोरे, मुख्य अभियंता (मुंबई मलनिस्सारण परियोजना) राजेंद्र परब, संबंधित अधिकारी, अभियंता तथा परियोजना प्रबंधन सलाहकार भी उपस्थित रहे।

