मुंबई मेट्रो-3 के यात्रियों के लिए देश का पहला ‘मेट्रो पासपोर्ट’ लॉन्च, 10 स्टेशनों पर बिक्री शुरू
250 रुपये में मिलेगा सीमित संस्करण वाला ‘एक्वा लाइन पासपोर्ट’, यात्रियों को अलग-अलग स्टेशनों की मुहरें संग्रह करने का मिलेगा अवसर

मुंबई। मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (एमएमआरसी) ने एक्वा लाइन (मेट्रो-3) के यात्रियों के लिए देश के पहले ‘मेट्रो पासपोर्ट’ और स्टेशन स्टैम्प ट्रेल की बिक्री शुरू कर दी है। शुक्रवार से शुरू की गई इस अनूठी पहल के तहत यात्री अब मेट्रो यात्रा के दौरान विभिन्न स्टेशनों की विशेष मुहरें एकत्र कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य मुंबईवासियों और पर्यटकों के लिए मेट्रो यात्रा को अधिक आकर्षक और यादगार बनाना है। एमएमआरसी के अनुसार, विशेष ‘एक्वा लाइन पासपोर्ट’ को मेट्रो-3 के पूर्ण संचालन की पहली वर्षगांठ के अवसर पर पेश किया गया है। सीमित संस्करण में उपलब्ध इस पासपोर्ट की कीमत 250 रुपये निर्धारित की गई है। इसे केवल डिजिटल भुगतान के माध्यम से खरीदा जा सकेगा। यह पासपोर्ट कफ परेड, चर्चगेट, हुतात्मा चौक, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) मेट्रो, वर्ली, सिद्धिविनायक, धारावी, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी), छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा टर्मिनल-2 (सीएसएमआईए-टी2) और मरोळ नाका सहित कुल 10 मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध कराया गया है। एमएमआरसी ने बताया कि पासपोर्ट की बिक्री ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर की जाएगी। इसमें पोस्टकार्ड की शैली में आकर्षक कलाकृतियां और विभिन्न मेट्रो स्टेशनों की मुहरें संग्रह करने के लिए अलग पृष्ठ दिए गए हैं। यात्री एक्वा लाइन के अलग-अलग स्टेशनों पर जाकर निर्धारित स्थानों से विशेष स्टैम्प प्राप्त कर सकेंगे। इस तरह उनका मेट्रो पासपोर्ट मुंबई की भूमिगत मेट्रो यात्रा की यादों का संग्रह बन सकेगा। एमएमआरसी के मुताबिक, इस पहल के साथ मुंबई की एक्वा लाइन देश की पहली ऐसी मेट्रो सेवा बन गई है, जिसका अपना स्वतंत्र मेट्रो पासपोर्ट और स्टेशन आधारित स्टैम्प ट्रेल है। मेट्रो प्रशासन का मानना है कि इस नई पहल से यात्रियों, विशेषकर युवाओं, परिवारों और पर्यटकों को मुंबई मेट्रो-3 के विभिन्न स्टेशनों से जुड़ने का नया अनुभव मिलेगा। साथ ही मेट्रो यात्रा को केवल परिवहन के साधन तक सीमित न रखकर एक यादगार अनुभव बनाने में मदद मिलेगी।
