गोरेगांव में 18 महीने की बच्ची की मौत, 10 वर्षीय पड़ोसी बच्ची पर छठी मंजिल से फेंकने का आरोप
सीसीटीवी फुटेज से सामने आया मामला, दिंडोशी पुलिस ने एडीआर दर्ज कर जांच शुरू की

मुंबई। गोरेगांव पूर्व के नागरिक निवारा परिसर स्थित शिवशाही बिल्डिंग नंबर-1 में 18 महीने की बच्ची की मौत के मामले में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली 10 वर्षीय नाबालिग लड़की ने बच्ची को उठाकर छठी मंजिल के डक्ट से नीचे फेंक दिया। घटना के बाद बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना 14 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची का परिवार 1 अक्टूबर से इस इमारत में रहने आया था। शुरुआत में मामले को हादसा माना जा रहा था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान कथित तौर पर नाबालिग लड़की बच्ची को उठाकर ले जाती और बाद में नीचे फेंकती दिखाई दी।
दिंडोशी पुलिस ने फिलहाल मामले में एडीआर (Accidental Death Report) दर्ज किया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना किस परिस्थिति में हुई और नाबालिग बच्ची ने ऐसा कदम क्यों उठाया।
मृत बच्ची के परिजनों के अनुसार, पहले बिल्ली को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ था। परिवार ने यह भी दावा किया है कि आरोपी नाबालिग मानसिक रूप से विशेष जरूरतों वाली है। हालांकि इस संबंध में पुलिस की जांच और चिकित्सकीय पुष्टि के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। बताया जा रहा है कि 10 वर्षीय नाबालिग और उसकी मां फिलहाल पुलिस की निगरानी में हैं। नाबालिग होने के कारण मामले में किशोर न्याय कानून के अनुसार आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। मृत बच्ची के काका और दादा ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए न्याय की मांग की है। दिंडोशी पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल और दोनों परिवारों से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
