
फरवरी 2029 तक परियोजना पूरी करने का लक्ष्य; फिल्म सिटी से खिंडीपाड़ा तक बनेंगे 4.70 किमी लंबे जुड़वां भूमिगत टनल
मुंबई। गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड (GMLR) परियोजना के चरण 3-ब के तहत दादासाहेब फाल्के चित्रनगरी (फिल्म सिटी) परिसर में बनाए जा रहे जुड़वां भूमिगत टनल के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। पहले टनल बोरिंग मशीन (TBM) के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने का कार्य पूरा हो गया है। बुधवार को बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर ने कार्यस्थल का दौरा कर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को आवश्यक निर्देश दिए। पहले TBM की पूरी मशीनरी परियोजना स्थल पर स्थापित किए जाने के बाद उसकी कार्यक्षमता, सुरक्षा और सभी प्रणालियों के समन्वित संचालन की जांच के लिए साइट एक्सेप्टेंस टेस्ट (SAT) सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इस परीक्षण में मुख्य रूप से मशीन की यांत्रिक, विद्युत, हाइड्रोलिक, नियंत्रण और सुरक्षा प्रणालियों की जांच की गई। परियोजना के तहत गोरेगांव स्थित दादासाहेब फाल्के चित्रनगरी से मुलुंड के खिंडीपाड़ा तक समानांतर जुड़वां भूमिगत टनल बनाए जाएंगे। दोनों टनल की लंबाई 4.70 किलोमीटर होगी। समानांतर टनल का व्यास 14.20 मीटर होगा, जबकि संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में इसका व्यास 13 मीटर रहेगा। टनल निर्माण के लिए इस्तेमाल होने वाला TBM सिंगल शील्ड अर्थ प्रेशर बैलेंस (EPB) हार्ड रॉक प्रकार का है। इसके कटर का व्यास 14.49 मीटर और मशीन की कुल लंबाई 83 मीटर है। इसमें 22 मीटर लंबा शील्ड हिस्सा तथा 61 मीटर लंबी तीन मंजिला बैकअप गैन्ट्री शामिल है। TBM में पूरी तरह स्वचालित मलबा प्रबंधन प्रणाली लगाई गई है। इसमें 340 मीटर लंबी कन्वेयर प्रणाली के साथ क्रॉस कन्वेयर और स्टैकर कन्वेयर शामिल हैं। इससे चुनौतीपूर्ण भूगर्भीय परिस्थितियों में भी खुदाई से निकलने वाले मलबे को प्रभावी तरीके से बाहर ले जाने, उत्पादकता बढ़ाने और सुरक्षित कामकाज में मदद मिलेगी। सभी तकनीकी परीक्षण निर्धारित मानकों के अनुसार पूरे होने के बाद वास्तविक टनल खुदाई शुरू की जाएगी। अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त अभिजीत बांगर ने बताया कि महानगरपालिका फरवरी 2029 तक परियोजना को पूरा करने का प्रयास कर रही है। निरीक्षण के दौरान प्रमुख अभियंता (पुल) राजेश मुले, उपप्रमुख अभियंता (पुल) नरेश मेघराजानी सहित संबंधित अधिकारी और अभियंता उपस्थित रहे।





