HomeArchitectureNeet PaperLeakNEET आंदोलन को मिला बॉलीवुड का समर्थन, करीना, ट्विंकल, सारा समेत कई...

NEET आंदोलन को मिला बॉलीवुड का समर्थन, करीना, ट्विंकल, सारा समेत कई सितारों ने छात्रों के पक्ष में उठाई आवाज

मुंबई। देशभर में NEET पेपर लीक को लेकर जारी छात्र आंदोलन को अब बॉलीवुड से भी खुला समर्थन मिलने लगा है। सलमान खान, आलिया भट्ट, सोनाक्षी सिन्हा और अन्य कलाकारों के बाद अब करीना कपूर खान, ट्विंकल खन्ना, सारा अली खान, भूमि पेडनेकर, अनन्या पांडे, नोरा फतेही और कुशा कपिला सहित कई फिल्मी हस्तियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से छात्रों के समर्थन में अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। करीना कपूर खान ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि अब चुप रहने का समय नहीं है। उन्होंने लिखा कि लाखों युवा अपनी आवाज उठा रहे हैं और उनकी बात को अनसुना नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है जब छात्रों का व्यवस्था पर भरोसा बना रहे। यदि मेहनत, ईमानदारी और प्रतिभा पर विश्वास खत्म हो जाता है तो यह पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को निष्पक्ष अवसर और भरोसेमंद शिक्षा व्यवस्था मिलनी चाहिए तथा युवाओं की आवाज सुनना समाज की जिम्मेदारी है। ट्विंकल खन्ना ने मुंबई में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उन्हें ऐसे देश का हिस्सा होने पर गर्व है, जहां युवा अपनी बात रखने और उसके लिए संघर्ष करने का साहस रखते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यह दुखद है कि छात्रों को अपनी बात मनवाने के लिए इस स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। भूमि पेडनेकर ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में लंबा संदेश साझा करते हुए उनसे भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश को उनकी सोच और नेतृत्व की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार और छात्रों के बीच संवाद के माध्यम से समाधान निकलेगा तथा शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार होंगे। सारा अली खान ने लिखा कि देश का भविष्य उसके छात्रों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि छात्रों का साहस, धैर्य और अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण संघर्ष प्रेरणादायक है। उन्होंने अपील की कि समाज को खुले मन से छात्रों की बात सुननी चाहिए और उनके साथ खड़ा होना चाहिए। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार न्यायपूर्ण निर्णय लेगी। इनके अलावा अनन्या पांडे, नोरा फतेही और कुशा कपिला ने भी सोशल मीडिया पर छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखी। इससे पहले सलमान खान, अनुपम खेर, आर. माधवन, सोनाक्षी सिन्हा, रितेश देशमुख, फातिमा सना शेख, किरण राव, स्वरा भास्कर, अदिति राव हैदरी, प्रकाश राज और शबाना आज़मी सहित कई कलाकार भी छात्र आंदोलन के समर्थन में अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। गौरतलब है कि नई दिल्ली के जंतर-मंतर सहित देश के विभिन्न हिस्सों में NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। इसी बीच बॉलीवुड की कई प्रमुख हस्तियों द्वारा छात्रों के समर्थन में दिए गए बयान ने इस मुद्दे को और अधिक राष्ट्रीय चर्चा का विषय बना दिया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments