यूपी में 17 और 24 अक्टूबर को मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष अभियान, सभी मतदान केंद्रों पर लगेंगे कैंप

सुबह 10 से शाम 4 बजे तक बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ, पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं और छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की पहल

देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में प्रदेश के सभी जनपदों में 17 और 24 अक्टूबर 2026 को विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के निर्देश पर झांसी के जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि दोनों विशेष अभियान दिवसों पर प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान मतदाता पंजीकरण के लिए पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 उपलब्ध कराए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा जो युवा पहली बार मतदाता बनने के पात्र हैं, वे निर्धारित दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ नवीनतम पासपोर्ट आकार की फोटो, जन्मतिथि और निवास पते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
प्रत्येक मतदान केंद्र पर बनेगी हेल्प डेस्क
गौरांग राठी ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी। यहां नागरिकों को फॉर्म-6 भरने, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त करने और मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने में सहायता दी जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान प्राप्त होने वाले सभी आवेदन पत्रों का व्यवस्थित अभिलेखीकरण किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पर्यवेक्षण और निरीक्षण अधिकारियों को संबंधित रिकॉर्ड तत्काल उपलब्ध कराया जा सके।
विशेष कैंपों की जानकारी अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने के लिए सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों तथा सामाजिक संगठनों को भी अभियान की तिथियों से अवगत कराया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी स्वयं करेंगे बूथों का निरीक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए वे स्वयं तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी मतदान केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। इसके अलावा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी भी विशेष कैंप दिवसों पर मतदान केंद्रों का निरीक्षण करेंगे, ताकि पंजीकरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
गौरांग राठी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान की नियमित समीक्षा और सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक बूथ पर निर्धारित समय के अनुसार कैंप आयोजित हो तथा प्राप्त आवेदन पत्रों का उचित रखरखाव किया जाए। सभी विभागीय अधिकारियों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम जांचने की अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 17 और 24 अक्टूबर को अपने संबंधित मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष कैंप में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो वह आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *