रतलाम मंडल के 12,208 रेल कर्मचारियों को ₹21.34 करोड़ से अधिक का उत्पादकता आधारित बोनस जारी
कैबिनेट की घोषणा के तुरंत बाद बोनस राशि जारी करने वाला भारतीय रेलवे का पहला मंडल बना रतलाम

रतलाम। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने रेल कर्मचारियों के लिए उत्पादकता आधारित बोनस की घोषणा के तुरंत बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए 12,208 कर्मचारियों के लिए कुल 21 करोड़ 34 लाख 36 हजार 525 रुपये की बोनस राशि जारी कर दी। मंडल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस उपलब्धि के साथ रतलाम मंडल भारतीय रेलवे में बोनस राशि जारी करने वाला पहला मंडल बन गया है। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, केंद्रीय कैबिनेट की घोषणा के तत्काल बाद लेखा एवं कार्मिक विभाग ने आपसी समन्वय से बोनस राशि जारी करने की प्रक्रिया पूरी की। मंडल प्रशासन ने इसे त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई, कार्यकुशलता और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल का परिणाम बताया है। रेल कर्मचारियों को दिया जाने वाला उत्पादकता आधारित बोनस उनके योगदान, कार्यकुशलता और उत्पादकता के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। बोनस राशि शीघ्र जारी होने से हजारों रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक लाभ मिलेगा। इस महत्वपूर्ण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक नूपुर चौधरी, सहायक मंडल वित्त प्रबंधक जेठमल रेगर, कृष्ण कुमार, राजेश मीना, आईटी इंजीनियर अब्दुल मलिक कुरैशी, आईटी इंजीनियर रघुनाथ महतो, सहायक कार्मिक अधिकारी (एपीओ) दिनेश प्रसाद तथा लेखा एवं कार्मिक विभाग के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। रतलाम मंडल प्रशासन के अनुसार, इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारियों के लिए बोनस राशि जारी करने की प्रक्रिया को कम समय में पूरा करना विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और कर्मचारी हितों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बोनस राशि जारी होने से मंडल के 12,208 रेल कर्मचारियों को आर्थिक लाभ प्राप्त होगा। मंडल प्रशासन ने इस पहल को कर्मचारी कल्याण और त्वरित कार्य निष्पादन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
