सपा और शिक्षा नदी के दो छोर, कभी मिल नहीं सकते: मुख्यमंत्री योगी

शिक्षक मतदाता संवाद में भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के पक्ष में मुख्यमंत्री ने मांगा समर्थन


गोरखपुर, उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर उसके शासनकाल में शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि “सपा और शिक्षा नदी के दो छोर हैं, जो कभी मिल नहीं सकते। उन्होंने कहा कि जो शिक्षा का विरोधी है, वह शिक्षक का हितैषी नहीं हो सकता। सोमवार को महंत दिग्विजयनाथ पार्क में गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन खंड के भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के समर्थन में आयोजित शिक्षक मतदाता संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा, शिक्षकों, शिक्षण संस्थानों और विद्यार्थियों के हित में लगातार काम कर रही है। योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय शिक्षक और छात्र दोनों असुरक्षित थे तथा नकल, जर्जर विद्यालय और अव्यवस्था शिक्षा व्यवस्था की पहचान बन गई थी। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार के तहत विद्यालयों में भवन, स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी सुविधाओं को बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को दी गई सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बेसिक से विश्वविद्यालय स्तर तक शिक्षकों और संबंधित कार्मिकों को पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज तथा सुरक्षा बीमा का लाभ दिया गया है। उन्होंने शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये और अनुदेशकों का मानदेय 9 हजार से बढ़ाकर 17 हजार रुपये किए जाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने न्यू पेंशन स्कीम को लेकर पूर्ववर्ती सपा सरकार पर भी सवाल उठाए और कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद कर्मचारियों के खाते खुलवाकर धनराशि जमा कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक समाज का मार्गदर्शक और जागरूक प्रहरी है। उन्होंने शिक्षक मतदाताओं से 23 अक्टूबर को मतदान में भाग लेने और भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के पक्ष में मतदान की अपील की। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षा क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुए हैं। भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने शिक्षकों के लिए कैशलेस इलाज सहित सरकार द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *