एसजीएफआई एथलेटिक्स प्रतियोगिता में नवाबगंज बना ओवरऑल चैंपियन, 167 अंक हासिल कर मारी बाजी
सफीपुर 104 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर, प्रतिष्ठा और फतेह खान बने व्यक्तिगत चैंपियन,14 अक्टूबर को मंडलीय प्रतियोगिता के लिए सीतापुर रवाना होंगे खिलाड़ी

उन्नाव, उत्तरप्रदेश। एसजीएफआई माध्यमिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंतिम दिन खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील दत्त के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षक विधायक राज बहादुर सिंह चंदेल और सदर विधायक पंकज गुप्ता उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी एसजीएफआई के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने दी। प्रतियोगिता में नवाबगंज जोन ने अंडर-14 बालिका, अंडर-17 बालक-बालिका, अंडर-19 बालिका वर्ग सहित ओवरऑल चैंपियनशिप में प्रथम स्थान हासिल किया। अंडर-14 बालक वर्ग में उन्नाव शहर 31 अंकों के साथ प्रथम और नवाबगंज 21 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। अंडर-14 बालिका वर्ग में नवाबगंज 36 अंक लेकर प्रथम तथा बीघापुर 21 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहा। अंडर-17 बालक वर्ग में नवाबगंज 56 अंकों के साथ प्रथम और उन्नाव शहर 32 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। अंडर-17 बालिका वर्ग में नवाबगंज ने 39 अंक लेकर प्रथम तथा सफीपुर ने 36 अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में नवाबगंज 34 अंकों के साथ प्रथम और सफीपुर 31 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं, अंडर-19 बालक वर्ग में सफीपुर ने 56 अंक हासिल कर प्रथम तथा नवाबगंज ने 31 अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
ओवरऑल चैंपियनशिप में नवाबगंज ने 167 अंक हासिल कर खिताब अपने नाम किया, जबकि सफीपुर 104 अंकों के साथ उपविजेता रहा। नवाबगंज जोन की प्रतिष्ठा ने 100 मीटर दौड़, लंबी कूद और बाधा दौड़ में प्रथम स्थान हासिल कर व्यक्तिगत चैंपियनशिप जीती। वहीं, फतेह खान ने गोला फेंक, चक्र फेंक और भाला फेंक में प्रथम स्थान प्राप्त कर व्यक्तिगत चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने खेलों को बढ़ावा देने और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए खेल सुविधाओं तथा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की आवश्यकता पर जोर दिया। जिला क्रीड़ा सचिव नवीन सिन्हा और विश्वनाथ तिवारी ने प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं एवं संचालन की जिम्मेदारी संभाली। कार्यक्रम में जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सबरवाल, संयोजक हृदय राम वर्मा, कुष्मेश कुमार, प्रधानाचार्य अजय सिंह यादव, परमात्मा सरण, शिव बाबू सरोज, कमलेश कुमार, मनीष कुमार और धर्मेश प्रताप उपस्थित रहे। बेसिक शिक्षा विभाग से जिला व्यायाम शिक्षक पुरुषोत्तम कुमार व अनीता वर्मा, पीएसपीएसए जिलाध्यक्ष संजीव संखवार, डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा, आरआई गौहर, इंद्रपाल, गौरव यादव, अनुदीप श्रीवास्तव, ब्रजेश सागर, वीरेंद्र सिंह और समीर मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
श्याम कुमारी सेठ बाल निकुंज नेहरू बालिका इंटर कॉलेज की शिक्षिका नंदिता शुक्ला के नेतृत्व में छात्राओं छाया, आंशिक, निशा, पीहू, आंचल और सोनाली ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील दत्त ने प्रतियोगिता के सफल संचालन में योगदान देने वाले शिक्षकों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने अपना सम्मान-प्रतीक चिह्न जिला क्रीड़ा सचिव नवीन सिन्हा को समर्पित किया। कार्यक्रम का संचालन विश्वनाथ तिवारी ने किया। आयोजकों के अनुसार, 14 अक्टूबर को पात्र विजेता खिलाड़ी मंडलीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बस से सीतापुर रवाना होंगे। मंडलीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अथवा दो अलग-अलग स्पर्धाओं में द्वितीय स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी ही प्रतिभाग करने के पात्र होंगे।
