खार पूर्व में सरस्वती उत्सव मंडल का स्वर्ण महोत्सव

14 अक्टूबर को धूमधाम से होगा मां सरस्वती का आगमन, सरस्वती उत्सव की स्वर्णिम तैयारी में मंडल के पदाधिकारी

मुंबई। खार पूर्व साईं बाबा रोड स्थित सरस्वती उत्सव मंडल इस वर्ष अपना 50वां वर्ष यानी स्वर्ण महोत्सव मनाने जा रहा है। सरस्वती सोसायटी में मंडल की ओर से उत्सव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। नवरात्रि के दौरान सरस्वती पूजा के अवसर पर यहां वर्षों से मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती रही है। इस बार स्वर्ण महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजन को और भव्य रूप दिया जा रहा है। बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को शाम 4 बजे मां सरस्वती का आगमन होगा। इस अवसर पर ढोल-ताशा पथक विशेष आकर्षण रहेगा। मंडल के प्रमुख सलाहकार रमेश सिंह ने बताया कि सरस्वती उत्सव मंडल की स्थापना वर्ष 1977 में हुई थी और तभी से क्षेत्र के नागरिकों के सहयोग से उत्सव आयोजित किया जा रहा है। 50वें वर्ष को यादगार बनाने के लिए मंडल की कार्यकारिणी और स्थानीय नागरिकों की ओर से विशेष तैयारियां की जा रही हैं। शुक्रवार, 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे मां सरस्वती का आवाहन एवं मूर्ति प्राणप्रतिष्ठा की जाएगी। शाम 4 बजे माता की चौकी, शाम 7 बजे आरती और रात 9 बजे फैंसी ड्रेस व गरबा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मंडल के अध्यक्ष सचिन कदम, सचिव मिलन रावल, कोषाध्यक्ष संदीप सिंह, कार्यकारी मंडल के अध्यक्ष वैष्णवी मेस्त्री, उपाध्यक्ष अनिशा सावंत, सचिव कृतिका पवार, उपसचिव लीना मेस्त्री, कोषाध्यक्ष उर्वशी कदम और उपकोषाध्यक्ष मेधा गावडे शामिल हैं। मंडल के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से स्वर्ण महोत्सव के कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *