HomeUncategorizedझांसी में 28 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच संपन्न हुई...

झांसी में 28 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच संपन्न हुई पुलिस भर्ती परीक्षा

झांसी, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2026 की लिखित परीक्षा जनपद के 28 परीक्षा केंद्रों पर पूर्ण पारदर्शिता, नकलविहीन व्यवस्था और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई गई। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों को पूर्व में सैनिटाइज किया गया तथा सीसीटीवी कैमरों और वॉइस रिकॉर्डर के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई। परीक्षा के दौरान शिव प्रताप शुक्ल और प्रीति सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी और क्रिश्चियन इंटर कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर कमांड कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और कक्षाओं में लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव एवं रिकॉर्डेड फुटेज की जांच की। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित हुई। सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे तथा परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैंप, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समीक्षा की। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, एंड्रॉयड फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। परीक्षार्थियों की गहन जांच की गई तथा उनके सामान को अलग कक्ष में सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गई। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी केवल महिला शिक्षिकाओं द्वारा कराई गई। अपर जिलाधिकारी एवं परीक्षा नोडल अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि प्रत्येक पाली में कुल 11,424 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में 9,168 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 2,256 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 9,138 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 2,286 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए। जनपद में परीक्षा के दौरान दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 163 प्रभावी रही, जिसका प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा सख्ती से पालन कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी रखी गई तथा सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments