‘तुम्बाड 2’ में आलिया भट्ट की एंट्री, सिर्फ दो मुलाकातों में हुईं फिल्म के लिए तैयार
सोहम शाह ने किया खुलासा, स्क्रिप्ट पढ़ते ही आलिया ने भर दी हामी, नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी आएंगे नजर

मुंबई। साल 2018 में रिलीज हुई चर्चित हॉरर फिल्म ‘तुम्बाड’ के सीक्वल ‘तुम्बाड 2’ को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ती जा रही है। फिल्म में अभिनेता और निर्माता सोहम शाह एक बार फिर विनायक राव के किरदार में दिखाई देंगे। वहीं, आलिया भट्ट और नवाजुद्दीन सिद्दीकी नए किरदारों में नजर आएंगे। इस बीच सोहम शाह ने आलिया भट्ट की कास्टिंग को लेकर दिलचस्प खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि आलिया को फिल्म के लिए राजी करने में ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी और महज दो मुलाकातों में उनकी कास्टिंग तय हो गई। एक इंटरव्यू के दौरान सोहम शाह ने बताया कि फिल्म की टीम ने आलिया भट्ट को कहानी सुनाई थी। इसके बाद अभिनेत्री ने स्क्रिप्ट पढ़ी और फिल्म में काम करने के लिए सहमति दे दी। सोहम के अनुसार, आलिया को फिल्म की कहानी बेहद पसंद आई और पूरी प्रक्रिया काफी सहज रही। सोहम शाह ने कहा- हमने उन्हें कहानी सुनाई और उन्होंने स्क्रिप्ट पढ़ी। इसके बाद उन्होंने तुरंत हां कह दिया। उन्हें स्क्रिप्ट बहुत पसंद आई। वह बेहद ईमानदार और प्रोफेशनल हैं, इसलिए पूरी प्रक्रिया काफी आसान रही। सोहम ने आलिया भट्ट की अभिनय क्षमता के साथ उनकी व्यावसायिक समझ की भी प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि पहली मुलाकात में ही आलिया ने फिल्म से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे थे, जिससे उनकी समझ और काम के प्रति गंभीरता का पता चलता है। उन्होंने कहा कि आलिया जितनी बेहतरीन अभिनेत्री हैं, उनकी व्यावसायिक समझ भी उतनी ही अच्छी है। पहली मुलाकात में कहानी सुनने के बाद उन्होंने दो से तीन दिनों के भीतर पूरी स्क्रिप्ट पढ़ ली। इसके बाद दूसरी मुलाकात हुई और फिल्म के लिए उनकी सहमति मिल गई। सोहम के मुताबिक, “किसी बड़े कलाकार को केवल दो मुलाकातों में फिल्म के लिए तैयार कर लेना आम बात नहीं है। आलिया ने कहानी की खूबियों को तुरंत समझ लिया। वह बेहद तेज और समझदार हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आलिया भट्ट ने ‘तुम्बाड’ का पहला भाग देखा था और उन्हें वह काफी पसंद आया था। हालांकि, सोहम ने सीक्वल में आलिया के किरदार से जुड़ी अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि फिल्म में आलिया का किरदार बेहद महत्वपूर्ण होगा और कहानी को आगे बढ़ाने में उसकी बड़ी भूमिका रहेगी। सोहम ने विश्वास जताया कि फिल्म देखने के बाद दर्शक खुद समझ जाएंगे कि आलिया को इस भूमिका के लिए चुनना कितना सही फैसला था। गौरतलब है कि वर्ष 2018 में रिलीज हुई ‘तुम्बाड’ एक हिंदी पीरियड हॉरर फिल्म है, जिसका निर्देशन राही अनिल बर्वे ने किया था। फिल्म में आनंद गांधी ने रचनात्मक निर्देशक और आदेश प्रसाद ने सह-निर्देशक के रूप में काम किया था। इसकी कहानी मितेश शाह, आदेश प्रसाद, राही अनिल बर्वे और आनंद गांधी ने लिखी थी। फिल्म का निर्माण सोहम शाह, आनंद एल. राय, मुकेश शाह और अमिता शाह ने किया था। इसमें सोहम शाह ने विनायक राव की मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म की कहानी ब्रिटिश शासनकाल के भारत में स्थित तुम्बाड गांव के एक रहस्यमयी खजाने और उससे जुड़े लालच के इर्द-गिर्द घूमती है। अब ‘तुम्बाड 2’ में नए कलाकारों के जुड़ने और कहानी के विस्तार को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। खासकर आलिया भट्ट और नवाजुद्दीन सिद्दीकी के किरदारों को लेकर फिल्म प्रेमियों में दिलचस्पी बनी हुई है।
