HomeMaharashtraमुंबई की सड़कों और सफाई व्यवस्था में दिखना चाहिए बदलाव: अश्विनी भिडे

मुंबई की सड़कों और सफाई व्यवस्था में दिखना चाहिए बदलाव: अश्विनी भिडे

बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे का अंधेरी-विलेपार्ले में निरीक्षण, अधिकारियों को सख्त निर्देश

मुंबई। बृहन्मुंबई महानगर पालिका(बीएमसी) की आयुक्त अश्विनी भिडे ने बुधवार सुबह पश्चिमी उपनगरों के अंधेरी और विलेपार्ले क्षेत्र का दौरा कर महानगरपालिका की स्वच्छता चौकियों, कीटनाशक विभाग, सड़क मरम्मत तथा परिरक्षण चौकियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त भिडे ने सफाई कर्मचारियों से संवाद कर उनके कामकाज, ड्यूटी समय और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता चौकियों के साथ-साथ परिरक्षण और कीटनाशक विभाग की चौकियों को बेहतर सुविधाओं और सुव्यवस्थित व्यवस्था के साथ विकसित किया जाए।
छोटे कामों के लिए ठेकेदारों पर निर्भरता कम करें
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पाया कि परिरक्षण विभाग में पर्याप्त मजदूर उपलब्ध हैं, लेकिन कनिष्ठ अभियंताओं (JE) की निगरानी में अपेक्षित सख्ती नहीं दिख रही है। उन्होंने सभी सहायक आयुक्तों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की चौकियों में कर्मचारियों की संख्या का आकलन करें और कर्ब स्टोन लगाने, फुटपाथ मरम्मत, डिवाइडर सुधार जैसे नियमित कार्य अधिकतम महानगरपालिका के आंतरिक मजदूरों (इन-हाउस लेबर) से करवाएं। ऐसे छोटे-छोटे कामों के लिए ठेकेदारों का उपयोग टालने के निर्देश भी संबंधित अभियंताओं को दिए गए।
सड़कों पर दिखना चाहिए स्पष्ट सुधार
अश्विनी भिडे ने कहा कि सहायक आयुक्त अपने क्षेत्रों की चौकियों का दौरा कर विस्तृत क्षेत्रीय योजना तैयार करें और उसे चरणबद्ध तरीके से लागू करें, ताकि मुंबई की सड़कों के रखरखाव कार्यों में स्पष्ट और दृश्य सुधार दिखाई दे।
नालों और पंपिंग स्टेशनों का भी निरीक्षण
आयुक्त अश्विनी भिडे ने अंधेरी रेलवे स्टेशन के पास स्थित घनकचरा प्रबंधन चौकी, विलेपार्ले (पश्चिम) स्थित टाटा कंपाउंड की कीटनाशक चौकी तथा बजाज मार्ग स्थित परिरक्षण चौकी का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने इर्ला नाला, एसएनडीटी नाला और गजदरबंध पंपिंग स्टेशन का दौरा कर मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा की।
बारिश में जलभराव रोकने के लिए पूरी क्षमता से करें काम
आयुक्त भिडे ने निर्देश दिए कि जुहू स्थित इर्ला वर्षाजल पंपिंग स्टेशन को पूरी क्षमता से लगातार चालू रखा जाए, ताकि मिलन सबवे, कूपर अस्पताल क्षेत्र, विलेपार्ले रेलवे स्टेशन और जुहू-विलेपार्ले इलाके में जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत मिल सके। उन्होंने जुहू समुद्र तट की ओर बहकर जाने वाले घनकचरे और तैरते कचरे को रोकने के लिए भी तत्काल प्रभावी उपाय करने के निर्देश दिए। इस दौरान उपआयुक्त प्रशांत गायकवाड, उपआयुक्त मनीष वळंजू, सहायक आयुक्त चक्रपाणी अल्ले सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments