HomeCrime1.28 करोड़ की सोने की चूड़ियां चोरी मामले में चारकोप पुलिस ने...

1.28 करोड़ की सोने की चूड़ियां चोरी मामले में चारकोप पुलिस ने जम्मू से दो आरोपी दबोचे

मुंबई। चारकोप पुलिस ने कांदिवली स्थित एक निजी ज्वेलरी निर्माण कंपनी में हुई करोड़ों रुपये की सोने की चूड़ियों की चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए फरार चल रहे तीन सुरक्षा गार्डों में से दो आरोपियों को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद शफीर मोहम्मद राशिद चौधरी और बिट्टू उर्फ वकार अहमद नज़ीर हुसैन के रूप में हुई है। दोनों आरोपी जम्मू-कश्मीर के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 65 लाख रुपये कीमत की 433 ग्राम सोने की चूड़ियां बरामद की हैं। अदालत ने दोनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेज दिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार यह घटना 14 मई 2026 की रात कांदिवली के चारकोप स्थित हिंदुस्तान नाका के पास कांदिवली इंडस्ट्रियल एस्टेट में मौजूद ‘श्रीजी मैन्युफैक्चरर्स’ कंपनी में हुई थी। कंपनी के मालिक 63 वर्षीय अशोक अमृतलाल वाया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कंपनी परिसर में रखे लॉजिस्टिक्स बॉक्स से सोने की चूड़ियां चोरी हो गई हैं। प्रारंभिक शिकायत में 3,176 ग्राम वजन के करीब 5.28 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी होने की बात कही गई थी, लेकिन जांच में स्पष्ट हुआ कि वास्तव में 864 ग्राम वजन की करीब 1.28 करोड़ रुपये कीमत की सोने की चूड़ियां चोरी हुई थीं। कंपनी में कुल 32 कर्मचारी और तीन सुरक्षा गार्ड कार्यरत थे, जिनमें मोहम्मद शफीर, विकास और शाहबाज गुर्जर शामिल थे। घटना वाली रात मोहम्मद शफीर ने शिकायतकर्ता को व्हाट्सएप संदेश भेजकर वेतन न मिलने के कारण नौकरी छोड़ने की बात कही। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। जब कंपनी मैनेजर मौके पर पहुंचे तो तीनों सुरक्षा गार्ड गायब मिले और जांच में सोने की चूड़ियों से भरा बॉक्स भी लापता पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चारकोप पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी जम्मू-कश्मीर भाग गए हैं। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनायक चव्हाण के मार्गदर्शन में गठित टीम जम्मू रवाना हुई और स्थानीय पुलिस की सहायता से पुंछ जिले के भारत-पाक सीमा से सटे संवेदनशील इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस ने मोहम्मद शफीर और वकार अहमद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी की गई सोने की चूड़ियों को उन्होंने अपनी मां और पत्नी की मदद से एक पहाड़ी इलाके में जमीन में दबा दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वहां से 49 सोने की चूड़ियां बरामद कीं, जिनका वजन 433 ग्राम और कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई गई है। इसके बाद दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया गया, जहां मामले की आगे की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments