
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार के गृह विभाग ने खाद्य एवं औषध प्रशासन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए प्रीति टिपरे को खाद्य एवं औषध प्रशासन (एफ़डीए) के विजिलेंस विभाग में सह आयुक्त पद पर नियुक्त किया है। यह नियुक्ति गुरुवार को जारी आदेश के तहत की गई। दरअसल, 15 मई 2026 को एफ़डीए विजिलेंस विभाग के सह आयुक्त डॉ.राहुल खाडे का तबादला कर उन्हें नवी मुंबई पुलिस में पुलिस उपायुक्त (DCP) बनाया गया है। उनके स्थान पर अब प्रीति टिपरे को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। बताया जा रहा है कि एफ़डीए विभाग में यह पहली बार हुआ है जब आयुक्त और सह आयुक्त (विजिलेंस) दोनों अहम पदों पर एक सप्ताह के भीतर बदलाव किए गए हैं। इससे विभागीय हलकों में काफी चर्चा है। इसी फेरबदल के तहत एफ़डीए आयुक्त पद पर भी बदलाव किया गया है। श्रीधर डूबे पाटिल की जगह अब तुकाराम मुंढे को विभाग की कमान सौंपी गई है। प्रशासनिक स्तर पर इन बदलावों को विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

