मीरा-भाईंदर में 12 अक्टूबर को होगा ‘महापौर दिन’, नागरिक सीधे रख सकेंगे अपनी समस्याएं

पानी, सड़क, सफाई, स्वास्थ्य और अतिक्रमण समेत विभिन्न शिकायतों पर होगी सुनवाई

मीरा-भाईंदर। मीरा-भाईंदर महानगरपालिका क्षेत्र के नागरिकों की विभिन्न नागरी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों के प्रभावी, पारदर्शी और त्वरित समाधान के उद्देश्य से महानगरपालिका की ओर से प्रत्येक माह के दूसरे सोमवार को ‘महापौर दिन’ आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में अगला महापौर दिन सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम मीरा-भाईंदर महानगरपालिका मुख्यालय के स्थायी समिति सभागृह, दूसरी मंजिल, भाईंदर (पश्चिम) में होगा। नागरिकों को अपने क्षेत्र से जुड़ी पानी की आपूर्ति, सड़क, नाले, सफाई, स्वास्थ्य, अतिक्रमण, सार्वजनिक सुविधाओं और महानगरपालिका के कार्यक्षेत्र से संबंधित अन्य समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे महापौर के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा। महानगरपालिका के अनुसार, प्राप्त निवेदनों को संबंधित विभागों के पास तत्काल भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही शिकायतों के समयबद्ध और प्रभावी निवारण के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक फॉलो-अप भी किया जाएगा। महानगरपालिका ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं से संबंधित लिखित निवेदन साथ लेकर 12 अक्टूबर को सुबह 11 बजे आयोजित महापौर दिन में उपस्थित हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *